थावरिया बाजार के जगदीश मंदिर से शुरू हुई यात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

रतलाम। 16 जुलाई ( News SSR ) श्री जगन्नाथ सेवा समिति के तत्वावधान में थावरिया बाजार स्थित प्राचीन जगदीश मंदिर से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। रथयात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़े, जो भगवान के रथ को खींचने के लिए आतुर नजर आए। पूरा मार्ग ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
रथयात्रा महोत्सव का शुभारंभ सुबह 9:00 बजे विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुआ। भगवान जगन्नाथ का सहस्त्रधारा से अभिषेक कर महाआरती की गई। इसके पश्चात दोपहर में भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र के विग्रहों को रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया।

आकर्षण का केंद्र रहा राधा-कृष्ण व सखियों का नृत्य
इस भव्य यात्रा में ढोल, ताशे, नगाड़े, डीजे और बैंड मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। यात्रा के दौरान विशेष रूप से तैयार हुए राधा-कृष्ण के स्वरूप और उनकी सखियों का मनमोहक नृत्य श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखने के लिए लोग सड़कों के दोनों ओर खड़े रहे। इसके साथ ही कार्तिक अखाड़े के युवाओं और छोटे-छोटे बालक-बालिकाओं ने भी अखाड़ा प्रदर्शन कर हैरतअंगेज करतब दिखाए।
जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत
रथयात्रा शहर के प्रमुख पैलेस रोड, डालूमोदी बाजार, नाहर पूरा, रानीजी का मंदिर सहित मार्ग से होकर गुजरी। इस दौरान विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा प्रमुख चौराहों पर भगवान जगन्नाथ की अगवानी कर आरती उतारी गई और फूलों से भव्य स्वागत किया गया।
सुरक्षा और सफाई व्यवस्था रही चाक-चौबंद
यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम चौहान पुलिस बल के साथ पूरी यात्रा के दौरान मुस्तैद रहे। यातायात पुलिस के डीएसपी आनंद सोनी ने स्वयं कमान संभालते हुए रथयात्रा के मार्ग पर सुगम ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखी। नगर निगम की तत्परता भी सराहनीय रही। रथयात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, निगम के सफाईकर्मी पीछे से मार्गों की तत्परता से सफाई करते चले गए, जिससे शहर की स्वच्छता बनी रही।