
रतलाम, 17 अक्टूबर ( News SSR )। जिले के रावटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आकड़िया में पारिवारिक विवाद के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक कार्यक्रम में हुए विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए साले पर जीजा ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम आकड़िया निवासी 36 वर्षीय पप्पू गामड़ (पिता भीमजी गामड़) के काका का दो दिन पूर्व गुरुवार को मौसर (मृत्यु भोज) कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में पप्पू का जीजा, आरोपी गलिया कटारा (निवासी ग्राम सिंगत मउड़ी) भी अपनी पत्नी के साथ शामिल होने आया था।
रात लगभग 9:30 से 10:00 बजे के बीच आरोपी गलिया कटारा का उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी पत्नी को थप्पड़ मार दिया। यह देख ससुर भीमजी गामड़ बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी ने उनके साथ भी हाथापाई की और उन्हें थप्पड़ जड़ दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे साले पर किया हमला
पत्नी और पिता को पिटता देख साला पप्पू गामड़ भी बीच-बचाव करने के लिए आगे आया। इस पर आरोपी जीजा गलिया कटारा ने पप्पू के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके गुप्तांग पर जोरदार लात मार दी। लात लगते ही पप्पू अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।
अस्पताल से घर लौटने के बाद हुई मौत
घटना के तुरंत बाद परिजन पप्पू को उपचार के लिए रावटी के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। 16 अक्टूबर को दोपहर में स्थिति में कुछ सुधार दिखाई देने पर परिजन उसे घर ले आए थे। हालांकि, 16 और 17 अक्टूबर की दरमियानी रात पप्पू की अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। परिजन उसे पुनः मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
रावटी थाना प्रभारी मनीष डामर ने बताया कि शनिवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपी गलिया कटारा के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है