
रतलाम, 19 जुलाई 2026।( News SSR )
श्री बड़वड़ हनुमान मंदिर, रतलाम में 48वें मूक-बधिर सदस्यों के लिए मिलन समारोह का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम के समन्वय से किया गया।

कार्यक्रम में रतलाम सहित राजस्थान, मध्यप्रदेश एवं गुजरात से पधारे मूक-बधिर साथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। प्रातःकाल में पंजीयन के उपरांत विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें माचिस की तीलियों से आकृति बनाना, एक मिनट में गुब्बारा फुलाना आदि प्रतियोगिताएँ शामिल थीं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कारों में नगद राशि एवं आकर्षक उपहार शामिल रहे।
इस अवसर पर माननीय उच्च न्यायालय द्वारा उल्लास कार्यक्रम अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम की ओर से उपस्थित प्रतिभागियों को निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक अधिकारों, टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100, पीड़ित प्रतिकर योजना तथा विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही बताया गया कि यदि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय या उत्पीड़न होता है, तो वह सहायता के लिए संबंधित तहसील न्यायालय से लेकर उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) तक न्याय प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम में आयोजक श्री महेश अग्रवाल, श्री गोपाल सोनी, रतलाम के बाहर से पधारे श्री राकेश खंडेलवाल, श्री राकेश गर्ग, श्री गिरीश जैन तथा सांकेतिक भाषा अनुवादक श्री मुकेश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रतलाम की ओर से श्री धीरज राय एवं श्री संजय उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मूक-बधिर साथी एवं उनके परिजन भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।