शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की मंशा पर उठे सवाल, निगम के पूर्व फ्लॉप कॉम्प्लेक्सों का दिया हवाला

रतलाम।( News SSR ) शहर के टीआईटी रोड स्थित वार्ड क्रमांक 34 में नगर निगम की करोड़ों रुपये मूल्य की खुली भूमि देखरेख के अभाव में असामाजिक तत्वों और गंदगी का केंद्र बनती जा रही है। टीआईटी रोड मुख्य मार्ग और गीता मंदिर रोड के कोने पर स्थित इस विस्तृत भूखंड पर लंबे समय से कचरा, बदबू, अवैध वाहनों की पार्किंग और नशेड़ियों का जमावड़ा बना हुआ है। वहीं स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि इस कीमती जमीन पर लंबे समय से भू-माफियाओं की भी गिद्ध दृष्टि बनी हुई है।

क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों व रहवासियों ने मांग की है कि पेट्रोल पंप से सटी इस खुली भूमि पर एक सुंदर व हरा-भरा पार्क (बगीचा) विकसित किया जाए। रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पार्कों की भारी कमी है। यदि यहाँ बगीचा बनता है तो बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को टहलने तथा सुकून के क्षण बिताने के लिए एक उपयुक्त स्थान मिल सकेगा। इससे शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के संकल्प को भी बल मिलेगा।

शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना पर जनता में आक्रोश
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जहाँ जनता बगीचे की मांग कर रही है, वहीं नगर निगम के जिम्मेदार यहाँ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की मंशा पाल रहे हैं। आरोप है कि यह योजना कुछ स्थानीय नेताओं, पार्षदों और अफसरों की मिलीभगत से बंदरबांट करने की साजिश प्रतीत होती है।
उल्लेखनीय है कि इस स्थान पर पूर्व में निगम कर्मचारियों के आवास (क्वार्टर) हुआ करते थे, जिन्हें जर्जर होने के बाद हटा दिया गया था। खाली हुई इस भूमि पर व्यावसायिक निर्माण को क्षेत्रवासी पूरी तरह अनुचित बता रहे हैं।
निगम के एक दर्जन से अधिक कॉम्प्लेक्स पहले से पड़े हैं बंद
नागरिकों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि रतलाम नगर निगम द्वारा पूर्व में बनाए गए करीब एक दर्जन से अधिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए हैं। इनमें व्यवसाय संचालन के बजाय अधिकांश शटर हमेशा गिराए रहते हैं और ये स्थान खंडहर व असामाजिक गतिविधियों के अड्डे बन चुके हैं। इसके बावजूद फिर से कॉम्प्लेक्स बनाने की जिद समझ से परे है।
शहर में निष्प्रयोज्य व फ्लॉप साबित हो चुके प्रमुख मार्केट:
शहर सराय स्थित फायर ब्रिगेड मार्केट
ज्योति लॉज के अंदर स्थित स्टेडियम कोठारी मार्केट
बस स्टैंड स्थित सुभाष मार्केट
सिविक सेंटर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
देवनारायण नगर स्थित मार्केट
नवनिर्मित MP-43 फूड मार्केट
”ग्रीन रतलाम, क्लीन रतलाम” के नारे पर उठते सवाल
क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि निगम प्रशासन “ग्रीन रतलाम, क्लीन रतलाम” के नारे को धरातल पर सच साबित करना चाहता है, तो उसे व्यापारिक हित छोड़कर जनहित में निर्णय लेना होगा। यदि इस भूमि पर एक सर्वसुविधायुक्त बगीचा बनाया जाता है, तो इससे न केवल क्षेत्र का सौंदर्य बढ़ेगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जनता की मांग की अनदेखी कर व्यावसायिक निर्माण थोपा गया तो इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।