रात को घर में घुसा मगरमच्छ, महिला ने खिड़की से कूदकर बेटे संग बचाई जान

प्रशासन की अनदेखी: सूचना के बाद भी रातभर नहीं पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम, ग्रामीणों ने बांधकर रखा

​रतलाम,08 अक्टूबर ( News SSR )। जिले के बाजना जनपद अंतर्गत ग्राम कुंदनपुर के समीप स्थित नवागांव में बुधवार रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां अपने घर में सो रही एक महिला के सामने अचानक 3 फीट दूर खुला मुंह लिए मगरमच्छ आ गया। महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने 7 साल के मासूम बेटे के साथ खिड़की से कूदकर जान बचाई। हैरान करने वाली बात यह रही कि सूचना देने के बावजूद रातभर न तो पुलिस पहुंची और न ही वन विभाग का कोई अमला। अंततः ग्रामीणों ने ही जोखिम उठाकर मगरमच्छ पर काबू पाया और रातभर उसकी रखवाली की।
​
नवागांव निवासी सीताबाई पति स्व. केसु डोडियार बुधवार रात करीब 10 बजे अपने 7 वर्षीय छोटे बेटे के साथ घर में सो रही थीं। पति के निधन के बाद मजदूरी कर परिवार पालने वाली सीताबाई का बड़ा बेटा (12 वर्ष) घटना के समय दोस्तों के साथ नदी की ओर गया हुआ था। घर का मुख्य दरवाजा खुला होने के कारण मगरमच्छ सीधे अंदर दाखिल हो गया।

​अचानक आंख खुलने पर सीताबाई ने देखा कि मगरमच्छ मुंह खोले उनकी ओर बढ़ रहा है। खतरा भांपते ही सीताबाई घबरा गईं और तुरंत छोटे बेटे को लेकर घर की पीछे की छोटी खिड़की से बाहर निकल गईं।

​ग्रामीणों ने बांधा, गाड़ी में लादकर ले गए बाजना
घर से बाहर आकर महिला ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद रस्सियों की मदद से मगरमच्छ को बांधकर काबू में किया। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत बाजना पुलिस और वन विभाग को फोन पर सूचना दी, लेकिन रात में कोई भी जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचा।

​मदद न मिलने पर ग्रामीण खुद ही मगरमच्छ को पिकअप वाहन में लादकर बाजना ले गए, लेकिन वहां भी कोई अधिकारी नहीं मिला। निराश होकर वे मगरमच्छ को नदी में छोड़ने पहुंचे, लेकिन पानी के पास मगरमच्छ के अधिक आक्रामक होने पर सुरक्षा के लिहाज से उसे वापस ले आए।

​निर्माणाधीन मंदिर के पास बांधी रस्सी, सुबह ले गई टीम
ग्रामीणों ने मगरमच्छ को गांव में ही निर्माणाधीन महादेव मंदिर के पास रस्सियों से मजबूती से बांधकर रखा। दो से तीन युवाओं ने रातभर जागकर उसकी निगरानी की ताकि वह किसी को नुकसान न पहुंचा सके। गुरुवार सुबह जब वन विभाग की टीम गांव पहुंची, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन अमला मगरमच्छ को अपने साथ वन परिक्षेत्र कार्यालय बाजना ले गया।

More From Author

रतलाम के वार्ड 34 में खुली भूमि पर अवैध कब्जा व गंदगी का बोलबाला, क्षेत्रवासियों ने बगीचा बनाने की उठाई मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories