रतलाम: तीन तलाक देकर घर से निकालने और प्रताड़ना का आरोप, एसपी से न्याय की गुहार

​रतलाम,02 जुलाई ( News SSR )। शहर के रायल कॉलोनी क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने पति और उसके ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने अन्य महिला के बहकावे में आकर उसे रात के समय तीन बार ‘तलाक-तलाक-तलाक’ कहकर मात्र पहने हुए कपड़ों में चार बच्चों सहित घर से बाहर निकाल दिया और जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई गई है।

​सालाखेड़ी चौकी के बाद एसपी से की शिकायत
​पीड़िता घटना के तुरंत बाद अपने परिजनों के साथ सालाखेड़ी पुलिस चौकी पहुंची थी, जहां पुलिस ने नाम-पते नोट कर अगले दिन आने को कहा था। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने रतलाम पुलिस अधीक्षक, स्टेशन रोड थाना प्रभारी और सालाखेड़ी चौकी प्रभारी को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने, अपने मकान पर वापस आधिपत्य दिलाने और खुद व बच्चों की जान-माल की रक्षा करने की मांग की है। स्टेशन रोड पुलिस थाने पर गुरुवार रात 10 बजे के लगभग मामला दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​2012 में हुआ था निकाह, हैं चार बच्चे
​शिकायतकर्ता रुबीना-बी (33 वर्ष) निवासी रायल कॉलोनी, रतलाम ने बताया कि उसका निकाह वर्ष 2012 में ग्राम सुराना में मुस्लिम शरीयत के अनुसार गुल्लू खान पिता फकीर मोहम्मद के साथ हुआ था। उनके चार बच्चे (दो पुत्रियां और दो पुत्र) हैं। पीड़िता के अनुसार, निकाह के बाद से ही उसका पति छोटी-छोटी बातों पर विवाद करता था और रुपयों, गाड़ी व मकान की मांग करता था। बेटी की गृहस्थी बचाने के लिए पीड़िता के पिता ने अपनी कृषि भूमि बेचकर रायल कॉलोनी में एक मकान खरीदकर दिया था, जिसमें वे रह रहे थे।

​ऑटो दिलवाया, फिर भी नहीं सुधरा पति
​पीड़िता ने आवेदन में उल्लेख किया है कि पति द्वारा कोई काम नहीं करने पर उसने अपने खर्च से पति को एक ऑटो रिक्शा भी दिलवाया था। इसके अलावा पति की अपने पैतृक गांव में कृषि भूमि भी है और वह प्रॉपर्टी ब्रोकर का काम भी करता है। अच्छी खासी आय होने के बावजूद वह घर खर्च के लिए पैसे नहीं देता था और सारा पैसा अन्य लोगों पर खर्च करता था।

​दूसरी महिला के संपर्क में आने पर बढ़ा विवाद
​आरोप है कि आरोपी पति शबाना मंसूरी नामक एक अन्य महिला के प्रभाव में आ गया था। ससुराल पक्ष के अन्य लोग (देवर, ननद के लड़के व अन्य) भी पति का ही साथ देते थे और पीड़िता को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। समाज में बदनामी और बच्चों के भविष्य के डर से महिला अब तक चुपचाप सब सहती रही।

​आधी रात को तीन तलाक बोलकर घर से निकाला
​शिकायत के अनुसार, घटना 1 जुलाई 2026 की है, जब बच्चों के स्कूल और एडमिशन की बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद पति उग्र हो गया और उसने अन्य महिला से निकाह करने की जिद पकड़ ली। आरोप है कि रात करीब 11:00 बजे पति ने परिजनों की मौजूदगी में पीड़िता को मारपीट कर झूंमाझटकी की और तीन बार तलाक कहकर बच्चों सहित घर से बाहर निकाल दिया। जब पीड़िता के भाई मोहम्मद अकरम और मामू शहजाद अली समझाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।

More From Author

ब्लिंकिट बॉय की वेशभूषा में 40 लाख की लूट का 24 घंटे में खुलासा, साजिशकर्ता कर्मचारी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद

स्कूल से घर लौट रही नाबालिग का अपहरण करने वाले आरोपी और महिला सहयोगी गिरफ्तार, 48 घंटे में बालिका बरामद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories