
रतलाम,05 नवंबर ( News SSR )। धनतेरस और दीपावली के पावन पर्व से ठीक पहले रतलाम पुलिस ने आम नागरिकों को बड़ा तोहफा दिया है। गुम हुए मोबाइल फोन के कारण नागरिकों को होने वाले आर्थिक नुकसान को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत साइबर सेल ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। साइबर सेल ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से 100 गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके वास्तविक धारकों को सुरक्षित वापस लौटा दिए हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹20 लाख बताई जा रही है।

रतलाम पुलिस द्वारा नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के तहत इस वर्ष अब तक कुल 300 गुम हुए मोबाइल ढूंढकर उनके मालिकों को सौंपे जा चुके हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के दौरान रतलाम, इंदौर, धार, मंदसौर, नीमच, उज्जैन और झाबुआ सहित विभिन्न जिलों से सैमसंग, वीवो, रियलमी, रेडमी और ओप्पो जैसी प्रमुख कंपनियों के हैंडसेट बरामद किए गए।
रास्ते में मिले फोन न करें इस्तेमाल, थाने में कराएं जमा
तकनीकी जांच में यह तथ्य सामने आया कि अधिकांश मोबाइल फोन लोगों को रास्ते में गिरे हुए मिले थे, जिन्हें उन्होंने अनजाने में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था। पुलिस ने ऐसे सभी व्यक्तियों को समझाइश दी है कि भविष्य में किसी का भी गुम या गिरा हुआ मोबाइल मिलने पर उसे तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में जमा कराएं। पुलिस प्रशासन ने घोषणा की है कि ईमानदारी दिखाते हुए मोबाइल जमा कराने वाले नागरिकों को उचित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

साइबर अपराधों और ऑनलाइन फ्रॉड के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल की टीम ने उपस्थित नागरिकों को मोबाइल सुरक्षा और साइबर फ्रॉड से बचाव के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। विशेष रूप से दीपावली त्यौहार के अवसर पर ऑनलाइन खरीदारी (Online Shopping) करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया।

”सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से 100 से अधिक मोबाइल फोन ट्रेस कर आवेदकों को लौटाए गए हैं। हमारा मुख्य उद्देश्य है कि गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस कर फरियादियों तक पहुँचाया जाए और यदि उसमें कोई आपराधिक कोण या चोरी शामिल है, तो उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साइबर अपराधों की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा के लिए रतलाम पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।”
— अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक, रतलाम