
भोपाल। ( News SSR ) सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से सैलाना विधायक श्री कमलेश्वर डोडियार ने मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य विभाग के माननीय मंत्री एवं रतलाम जिला प्रभारी मंत्री श्री विजय शाह जी से मुलाकात की।
इस दौरान विधायक डोडियार ने सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में स्थित जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण स्कूल भवनों की स्थिति से मंत्री जी को अवगत कराते हुए उनके पुनर्निर्माण एवं नवीन स्कूल भवनों की स्वीकृति प्रदान करने की मांग रखी। साथ ही क्षेत्र में लंबे समय से अधूरे पड़े छात्रावास भवनों को शीघ्र पूर्ण करवाकर विद्यार्थियों के उपयोग के लिए शुरू करवाने का आग्रह किया।
विधायक डोडियार ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य सैलाना विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। कई स्थानों पर स्कूल भवनों की जर्जर स्थिति के कारण विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, छात्रावास भवन अधूरे पड़े होने से विद्यार्थियों को शासन की आवासीय शिक्षा संबंधी सुविधाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। विशेषकर आदिवासी अंचल के गरीब, ग्रामीण एवं जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को सुरक्षित स्कूल भवन, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और पर्याप्त छात्रावास सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है।
विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मंत्री विजय शाह जी से मांग की कि जनहित एवं विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक सर्वे एवं प्रस्ताव तैयार करवाकर जर्जर स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण तथा अधूरे छात्रावास भवनों को पूर्ण करने के लिए शीघ्र बजट एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने के निर्देश दिए जाएं।
विधायक ने स्पष्ट किया कि सैलाना विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।