
रतलाम, 17 जुलाई ( News SSR )। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत लक्ष्मण पुरा क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शराब के नशे में दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर कपड़े धोने की मोगरी (लकड़ी का डंडा) से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छोटे भाई की इंदौर में उपचार के दौरान मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण पुरा क्षेत्र में रहने वाले दो भाइयों—त्रिलोकचंद महावर (40 वर्ष) और विमल महावर (35 वर्ष)—के बीच आधी रात को किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। दोनों भाई शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ने पर बड़े भाई त्रिलोकचंद ने घर में रखी कपड़े धोने की मोगरी उठाकर छोटे भाई विमल के सिर पर दे मारी। सिर पर गंभीर चोट लगने से विमल लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
इंदौर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
चीख-पुकार और शोर-शराबा सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर इकट्ठा हुए। पड़ोस में ही रहने वाले मृतक के जीजा पवन महावर और अन्य लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और घायल विमल को मेडिकल कॉलेज ले गए। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद विमल की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया। लेकिन इंदौर में उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह विमल ने दम तोड़ दिया।
बीमार मां की सेवा करता था मृतक
आसपास के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, घर में दोनों भाइयों के अलावा उनकी बुजुर्ग मां जमुना बाई रहती हैं, जो लंबे समय से लकवा (पैरालिसिस) की बीमारी से पीड़ित हैं। दोनों भाई कुंवारे थे और कभी ढोल बजाकर तो कभी पुताई का काम करके अपना जीवनयापन करते थे। पड़ोसियों ने बताया कि मृतक विमल स्वभाव से सीधा था और अपनी बीमार माँ की देखभाल से लेकर घर के सारे काम वही संभालता था।
पुलिस अधिकारी पहुंचे मौके पर, जांच जारी
हत्या की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना कर हमले में इस्तेमाल की गई मोगरी को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया कि “घरेलू विवाद में बड़े भाई द्वारा छोटे भाई पर हमला करने का मामला सामने आया है, जिसमें घायल की मौत हो गई है। पुलिस ने मोगरी जब्त कर ली है और शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चोट के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल आरोपी त्रिलोकचंद इंदौर है, जिसके आने का पुलिस इंतज़ार कर रही है।”