
रतलाम, 23 जुलाई ( News SSR )। रतलाम जिले में खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे शासकीय कर्मचारियों पर हमला करने से भी नहीं हिचक रहे हैं। देवगढ़ और हिम्मतखेड़ी पंचायत में पदस्थ पटवारी अजय चौहान पर 4 से 5 अवैध खनन माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पटवारी पर बुलडोजर चढ़ाकर कुचलने की कोशिश की, उनका हाथ बुरी तरह तोड़ दिया और शासकीय कार्रवाई से जुड़ा पंचनामा छीनकर फाड़ दिया। गंभीर रूप से घायल पटवारी को प्राथमिक इलाज के बाद ऑपरेशन के लिए शहर के निजी अस्पताल रेफर किया गया है।शहर और स्थानीय
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवगढ़ हल्का पटवारी अजय चौहान गांव के चौकीदार भगवान लाल के साथ शासकीय कार्य के सिलसिले में क्षेत्र में निकले थे। इसी दौरान नाले के समीप उन्हें अवैध उत्खनन करता हुआ एक बुलडोजर दिखाई दिया। पटवारी ने जब मशीन रुकवाकर चालकों से दस्तावेज मांगे, तो वे कोई वैध अनुमति नहीं दिखा सके। इसके बाद पटवारी अजय चौहान ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर वाहन को जब्त करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
तहसीलदार वंदना किराड़े ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में पुलिस को लिखित प्रतिवेदन सौंप दिया गया है। शासकीय कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और साक्ष्य मिटाने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया जा रहा है।
बकेट से वार किया, हाथ मरोड़ा और ट्राला चढ़ाने की कोशिश की
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब बुलडोजर और ट्राले को थाने ले जाया जा रहा था, तभी कार्रवाई से बौखलाए 4-5 बदमाशों ने पटवारी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने बुलडोजर के बकेट से पटवारी पर जानलेवा वार किया और उनका हाथ वाहन के स्टीयरिंग में फंसाकर जोर से मरोड़ दिया, जिससे उनका हाथ बुरी तरह टूट गया।
इसके बाद बदमाशों ने पटवारी पर ट्राला चढ़ाकर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया, लेकिन वे किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। साक्ष्य मिटाने की नीयत से हमलावरों ने पटवारी के बैग से तैयार पंचनामा भी छीनकर फाड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
मानुनिया महादेव क्षेत्र के बताए जा रहे हैं आरोपी
घटना के बाद मौके पर मौजूद चौकीदार ने बताया कि हमला करने वाले बदमाश स्थानीय गांव के नहीं थे, बल्कि मानुनिया महादेव क्षेत्र से आए थे। घटना की सूचना मिलते ही अन्य पटवारी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल अजय चौहान को तुरंत आलोट के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें ऑपरेशन के लिए रतलाम के निजी अस्पताल रेफर कर दिया।
बरखेड़ा थाना प्रभारी पतीराम डावरे के अनुसार, अस्पताल में भर्ती घायल पटवारी के कथन दर्ज कर लिए गए हैं। उनके बयान और आवेदन के आधार पर FIR दर्ज की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी गई है।