“शासकीय सांदीपनि विद्यालय जावरा ने लहराया परचम, देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर अर्जित की विशिष्ट उपलब्धि”

रतलाम 26 जून। ( News SSR ) जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सिमरन सूर्यवंशी ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ एवं हरित विद्यालय मूल्याँकन 2026 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इसमें जावरा शहर के सांदीपनि विद्यालय ने हायर सेकेंडरी कैटेगरी में फाइव स्टार रैंक सहित 98.4 अंक प्राप्त कर पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है।

उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने पूरे देश में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के लगभग 12 लाख स्कूलों में स्वच्छता हरित पहल, जल संरक्षण,कचरा प्रबंधन, अवशिष्ट उन्मूलन,सौर ऊर्जा, संकेतक एवं विविध गतिविधियों के आधार पर जिला स्तर एवं प्रदेश स्तर पर मूल्यांकन कर पैरामीटर पर रैंकिंग की थी। मध्य प्रदेश के लगभग 70000 स्कूलों में चयनित टॉप 20 स्कूलों में सांदीपनि विद्यालय जावरा 99.4% अंक के साथ प्रथम स्थान पर रहा था। पश्चात पूरे भारत में समस्त राज्यों से चयनित 600 स्कूलों का नामांकन स्वच्छ एवं हरित विद्यालय हेतु किया गया था।राष्ट्रीय सर्वक्षण दल ने लगभग 60 निर्धारित मापदण्डो पर सांदीपनि विद्यालय जावरा का निरीक्षण, परीक्षण एवं मूल्यांकन, अत्यंत सूक्ष्मता से किया,100% कचरा मुक्त योजना, गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग,वर्मी कंपोस्ट खाद्य निर्माण, हर्बल गार्डन,किचन गार्डन, अपशिष्ट निष्पादन,हरित कैंपस, वर्षा जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त परिसर, आर ओ वेस्ट वाटर से सिंचाई व्यवस्था, सौर ऊर्जा प्रबंधन के साथ ही शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा इस प्रोजेक्ट के लिए किए गए कार्यों तथा गतिविधियों का निरीक्षण कर मूल्यांकन किया।

विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र बोस ने बताया कि यह उपलब्धि विद्यालय के अनुशासित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों की लगन, निरंतरता एवं मेहनत का परिणाम है। इस अभियान में मध्य प्रदेश के लोक शिक्षण संचालानय एवं राज्य शिक्षा केंद्र के वरिष्ठ अधिकारियों का समय-समय पर प्राप्त मार्गदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। विद्यालय में संचालित इको क्लब एवं स्वच्छता समिति अंतर्गत एक ठोस कार्य योजना बनाई गई थी, जिसमें संयोजकगण सुनील सोनी, कामिनी खान, हर्षा नामदेव,विजय प्रजापति एवं कैलाशचंद्र कपासिया के नेतृत्व में प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर विश्लेषण किया गया। समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में स्वच्छता एवं हरित विद्यालय हेतु जागरूकता पैदा की, निरंतर सार्थक एवं प्रेरक प्रयास किए गए एवं यह प्रयास आज भी जारी है। विद्यालय परिसर में लगभग 400 पेड़ पौधे रोपित कर विकसित किए गए हैं,प्रमुख पेड़ों पर क्यू आर कोड भी लगाए गए हैं।

उपप्राचार्य संजय श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय द्वारा अर्जित यह महत्वपूर्ण उपलब्धि अत्यधिक उत्साहवर्धक एवं प्रोत्साहन कारक है। विद्यालय को सदैव स्वच्छ एवं हरित रखने के सर्वोपरि प्रयास किए जाएंगे।
“राष्ट्रीय स्तर पर नगर के सांदीपनि विद्यालय द्वारा अर्जित उपलब्धि से प्रदेश भी गौरान्वित हुआ, सम्पूर्ण विधालय परिवार की मेहनत, प्रेरणीय एवं बहुत प्रशसँनीय है, साधुवाद ” डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, विधायक
” निश्चित ही नगर के इस विद्यालय ने स्वच्छता एवं हरियाली के दिशा मे श्रेष्ठ कार्य किया है,” श्रीमती रचना शर्मा एस. डी. एम. जावरा
” स्वच्छता एवं हरित मूल्यांकन 2026 मे देश मे प्रथम स्थान प्राप्त करने से ,पूरा शिक्षा विभाग का नाम रोशन हुआ है, विद्यालय को बहुत बहुत बधाई”।

More From Author

कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से किया संवाद जनसमस्याओं का किया त्वरित समाधान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories