21 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति का लिया संकल्प

निवाड़ी। ( News SSR ) मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला निवाड़ी, विकासखंड पृथ्वीपुर के अंतर्गत गैलवारा समर्पण संस्था द्वारा सेवा संकल्प अभियान ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत शासकीय महाविद्यालय पृथ्वीपुर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों द्वारा 21 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्र सेविका समिति की खंड कार्यवाहिका श्रीमती रोशनी जैन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रोफेसर डॉ. जय हिंद स्वतंत्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक श्री उमाशंकर उपाध्याय ने बताया कि परिषद द्वारा 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान—सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने सभी से अभियान में सहभागिता कर इसे सफल बनाने की अपील की।
प्रोफेसर डॉ. जय हिंद स्वतंत्र ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में वृक्ष अवश्य लगाने चाहिए और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। वृक्ष पर्यावरण को शुद्ध रखने तथा जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संस्था अध्यक्ष श्री अखिलेश जैन ने कहा कि जन अभियान परिषद का प्रमुख उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सुशासन एवं जनसेवा के संदर्भ में अभियान की महत्ता बताई। उन्होंने युवाओं से अपने जीवन में कम से कम दो पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के साथ नशे से दूर रहने तथा परिवार एवं समाज में नशामुक्ति के लिए लोगों को प्रेरित करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती रोशनी जैन ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सभी को पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक समन्वयक श्री उमाशंकर उपाध्याय द्वारा उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर बसंत पुष्पकर, अंशुल गुप्ता, अन्नु विश्वकर्मा, श्रीमती निधि, श्रीमती गायत्री पांडे, श्रीमती रितु, श्रीमती राधा, आरची जैन सहित समिति के सदस्य एवं अन्य उपस्थित रहे।