रतलाम। गुरुवार दोपहर कांग्रेस पार्षद दल और शहर कांग्रेस ने नगर निगम महापौर प्रहलाद पटेल व भाजपा एमआईसी के खिलाफ प्रदर्शन किया। निगम गेट पर धरना दिया। कार्यालय के मुख्य गेट का ताला लगाकर गेट के बाहर नीचे बैठ गए। महापौर, कमिश्नर समेत सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को 2 घंटे तक ताले में बंद कर रखा।
महापौर का पुतला फूंकने के दौरान वाटर केनन भी कांग्रेसियों पर चलाया गया।
शहर की आम जनता की मूलभूत समस्याओं के निराकरण की मांग समेत कांग्रेस पार्षद के वार्डों में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों वे प्रदर्शन किया। महापौर प्रहलाद पटेल का पुतला फूंका। पुतले के आगे बिन बजाई गई।
कांग्रेसी भैंस भी लेकर आए थे लेकिन उन्हें प्रशासन ने हटवा दिया। इस जमकर हंगामा हुआ। ताला खोलने के बाद स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी कांग्रेस नेताओं से ताला छीनने का प्रयास करते रहे। लेकिन कांग्रेसी ताला नहीं छोड़ रहे थे।
दो घंटे बाद ताला खोला
प्रदर्शन में कांग्रेस नेता पारस सकलेचा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, पार्षद यास्मिन शैरानी आदि कांग्रेस नेताओं ने निगम कार्यालय के चैनल गेट के बाहर संबोधित किया।
दो घंटे तक ताला बंद होने के बाद खोला गया। इसके बाद कमिश्नर अनिल भाना आया। उन्हें 10 बिंदुओं का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान राजीव रावत, शैलेंद्रसिंह अठाना, बसंत पंड्या, इक्का बैलूत, हितेश पैमाल, सुहेल काजी, पार्षद आशा रावत समेत सभी कांग्रेस पार्षद मौजूद रहे।
भ्रष्टाचार का चारागाह बना निगम
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नगर निगम रतलाम भ्रष्टाचार का चरागाह बन गया है। निर्माण कार्य, खरीदी में जमकर लुट खसोट की जा रही है। शहर में कई सड़कों, नालियों, पेपर ब्लॉक आदि के नाम पर बिना निविदा जारी कर काम किए बिना ठेकेदारों को भुगतान किया जा रहा है। 40 से 50 प्रतिशत कमीशन निर्माण तथा खरीदी में वसूला जा रहा है।
नामांतरण में कानूनी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भी अवैध रूप राशि मांगी जाती है। महिनों तक नामांतरण की प्रक्रिया को रोका जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इसके हमारे पास दस्तावेजी प्रमाण भी है। लोकायुक्त में भी केस चल रहा है। नगर निगम में चल रहे भ्रष्टाचार पर तत्काल रोक लगाई जाए। पिछले तीन वर्षों में नगर निगम द्वारा कराए गए निर्माण कार्य, खरीदी, नामांतरण आदि की जांच की जाए।
कांग्रेसी बोले- अवैध वसूली बंद की जाए
कांग्रेस नेताओं ने मांग कि शहर में हजारों की संख्या पर सड़क पर बैठकर ठेलागाड़ी में सब्जी बेचने वालों से अवैध वसूली की जा रही है। स्पॉट फाइन के नाम पर रसीद काटकर आपराधिक कार्य किया जा रहा है। आयुक्त भोपाल ने बाजार बैठक वसूली के प्रस्ताव को अवैध करार दिया है। उसके बाद भी स्पॉट फाइन के नाम पर रंगदारी टेक्स की वसूली बंद की जाए। जो वसूली कर रहे है उनके खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस पार्षदों के वार्ड में भेदभाव
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा महापौर प्रहलाद पटेल द्वारा कांग्रेस के वार्डों में जमकर भेदभाव किया जा रहा है। भाजपा पार्षदों के वार्ड की तुलना में कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में 10 प्रतिशत राशि नहीं लगाई जा रही है। ठेकेदार को कांग्रेस वार्डों में काम लेने से रोका जा रहा है।