रतलाम। राजस्थान के फलोदी-बीकानेर नेशनल हाईवे-11 पर शुक्रवार रात हुए हादसे में रतलाम के 3 लोगों की मौत के बाद शव रविवार सुबह गांव आलमपुर ठिकरिया पहुंचे। मृतकों में एक दंपती (जगदीश और पूजा) और एक 12 साल की लड़की टीना शामिल हैं। तीनों की अंतिम यात्रा एक साथ निकली, जिसके बाद गांव के मुक्तिधाम पर उन्हें एक साथ अंतिम मुखाग्नि दी गई। हादसे में 8 साल के दो बच्चों (अशोक और रोशनी) के सिर से माता-पिता का साया छिन गया है।
ट्रॉले ने मारी थी टक्कर, 4 लोगों की हुई थी मौत
हादसा शुक्रवार रात नेशनल हाईवे-11 पर हुआ, जब एक टेम्पो को ट्राले ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दंपती जगदीश (32) पिता रामलाल व इनकी पत्नी पूजा (30) और 12 वर्षीय टीना पिता लालसिंह की मौत हुई। ये तीनों रतलाम के जावरा विधानसभा के गांव आलमपुर ठिकरिया के रहने वाले थे। यह अपने परिवार के 12 सदस्यों के साथ दीपावली के पहले राजस्थान में मजदूरी के लिए गए थे। एक अन्य मृतक टेंपो का ड्रायवर था जो कि फलोदी का रहने वाला था।
फलोदी से तड़के 4 बजे पहुंचे शव
हादसे की सूचना मिलने पर परिजन व अन्य लोग शनिवार को फलोदी पहुंच गए थे। दोपहर बाद वहां से मृतकों के पीएम के बाद शव व घायलों को लेकर रविवार तड़के 4 बजे जावरा पहुंचे। घायलों को प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती किया गया। मृतकों के शव को जावरा अस्पताल में मर्च्युरी में रखवाकर सुबह 9 बजे गांव ले जाया गया। तीनों के शव एक साथ गांव में आने पर शोक की लहर छा गई।
विधायक-एसडीएम ने दी श्रद्धांजलि
मृतकों को श्रद्धांजलि देने जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, जावरा एसडीएम सुनील जायसवाल, एसडीओपी संदीप मालवीय, भाजपा जिला महामंत्री महेश सोनी और गांव के सरपंच कैलाशचंद्र बोडाना समेत अन्य लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। उन्होंने मृतकों व घायलों के परिजनों को ढांढस बंधाया।
दो बच्चे अनाथ हुए
मृतक जगदीश और इनकी पत्नी पूजा के साथ इनके दो बच्चे बेटा अशोक (8) व बेटी रोशनी (8) भी साथ गए थे। हादसे में माता-पिता की मौत के बाद इन दोनों बच्चों से माता-पिता का साया छिन गया। दोनों बच्चे भी घायल हैं। वहीं, मृतक टीना (12) अपनी मां सुगनबाई व पिता लालसिंह (30) के साथ गई थी। इन दोनों ने अपनी बेटी को इस हादसे में खोया है।
हादसे में घायल हुए ये लोग
हादसे में कुल 12 लोग घायल हो गए थे। रविवार सुबह 10 घायलों को जावरा लाकर प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। घायलों में अमरू पिता पूना (59), रामकुंवर पति अमरु (जोधपुर में भर्ती) जबकि ममता पति बाबू (30), किंजल पिता बाबू (14), बाबू पिता कारु (35), सुगनबाई पति लालसिंह (30), धर्मेंद्र पिता लालसिंह, भोला पिता दशरथ (8) (गुर्जर अर्निया), रामूबाई पति ईश्वरलाल (35), राहुल पिता ईश्वरलाल (21), अशोक पिता जगदीश (8), रोशनी पिता जगदीश (8) को जावरा लाकर प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया है।
सीएम ने की थी मुआवजे की घोषणा
हादसे में रतलाम जिले के तीन लोगों का निधन होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से मृतकों के निकटतम परिजनों को 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की थी। वहीं, घायलों को उपचार के लिए 50-50 हजार रुपए आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने को कहा था।