रतलाम। रतलाम शहर में लगातार चाकूबाजी की घटनाएं हो रही है। रविवार रात बाइक टकराने के विवाद में दूध व्यवसायी का पीछा कर चाकू मार दिया। चाकू से पसली व पीठ पर तीन वार किए। व्यवसायी को 4 टांके आए है। पहले जिला अस्पताल में भर्ती किया। प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना शहर के माणकचौक थाना अंतर्गत हुई है। धबाईजी का वास निवासी प्रदीप (21) पिता मुकेश गुर्जर को चाकू से हमला किया है। प्रदीप गुर्जर दूध की केन लेकर बाइक से हरमाला रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान इसकी बाइक मोहित पिता गेंदालाल माली से टकरा गई। बाइक टकराने पर दोनों का विवाद हुआ। आसपास के लोगों ने मामला शांत कराया। प्रदीप बाइक लेकर वहां से निकला।
मोहित व उसके एक अन्य साथी ने बाइक से उसका पीछा किया। प्रदीप मालीकुआं में पानी की टंकी के पास पहुंचा तो उसे मोहित व उसे साथी ने रोका। वहां मोहित ने चाकू निकाला और हमला करते हुए तीन वार कर दिए। प्रदीप के लेफ्ट (बांयी) पसली व पीठ पर दो घाव हुए हैं।
भाई को फोन कर बताया
मोहित व उसका साथी चाकू से हमला कर मौके से भाग गए। घायल प्रदीप ने अपने भाई विक्रम को कॉल कर बताया कि मुझे चाकू मार दिया। विक्रम तुरंत मालीकुआं क्षेत्र में पहुंचा। फिर जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद रात में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घायल के चार टांके आए है।
माणकचौक थाना पुलिस ने घायल की रिपोर्ट पर एफआईआर दर्ज की घटनाक्रम की जांच में जुट गई है। है। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहित पिता गेंदालाल माली ने चाकू मारा। आरोपी की तलाशी की जा रही है।