कबाड़ गोडाउन में आग, कई धमाके हुए:लोग दहशत में आए, 30 फायर ब्रिगेड गाडिय़ों ने तीन घंटे में काबू पाया, गैस सिलेंडर भी मिले

रतलाम। हाट रोड स्थित वेद व्यास कॉलोनी के कॉर्नर पर स्थित एक कबाड़ गोडाउन में बुधवार रात आग लग गई। आग तेजी से पूरे कबाड़ में फैल गई और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। आग की लपटों के बीच धमाकों की आवाज आने लगी। इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की 25-30 लॉरी पहुंचीं और करीब 3 घंटे में आग पर काबू पाया। इलाके की बिजली सप्लाई एहतियातन बंद करनी पड़ी।
आग रात करीब 12.30 बजे के करीब लगी थी। शुरुआत में आग पर किसी का ध्यान नहीं गया। जब आग की तेज लपटे व धुआं उठा तो लोगों को पता चला। फायर ब्रिगेड को सूचना दी। रात 3.30 बजे तक आग पर काबू पाया गया। आग की स्थिति यह थी कि आग बुझाने का प्रयास नगर निगम की फायर लॉरी के कर्मचारी करते रहे। एक तरफ आग को बुझाया जाता तो दूसरी तरफ से आग की लपटे उठने लगती।
कबाड़ के साथ गैस सिलेंडर भी रखे थे
गोडाउन में कागज के पुस्टें, प्लास्टिक और कांच की बोतलें रखी थीं, जो पूरी तरह जल गईं। यहां गैस सिलेंडर और घरेलू गैस सिलेंडर भी रखे थे, जिन्हें समय रहते निकालकर सामने वाली बिल्डिंग में रख दिया गया। जानकारी यह भी सामने आई कि गोडाउन में लोहा काटने के लिए गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जाता था।
गोडाउन के आसपास रहवासियों के इलाके
जिस स्थान पर कबाड़ का गोडाउन मौजूद है वहां उसकी लेफ्ट साइट हाट रोड पर दुकानें है। जबकि राइट साइड कॉलोनी क्षेत्र है। गोडाउन के सामने एक मल्टी बनी हुई है। गोडाउन के बाहर कंचन इंटरप्राइजेस का बोर्ड लगा था। बताया जा रहा है कि यह किसी दिनेश व लच्छू कबाड़ी का गोडाउन है।
कबाड़ीवाले का खौफ, कोई बोलने के लिए तैयार नहीं
क्षेत्रवासियों से मौके पर रात में दैनिक भास्कर ने गोडाउन के बारे में जानकारी लेनी चाही, लेकिन कोई भी बोलने के लिए तैयार नहीं था। रहवासियों को कहना था कि हमें यहीं रहना है। हम कुछ नहीं बता सकते। कुछ लोग सामने तो आए लेकिन कैमरे में कोई भी आने को तैयार नहीं हुआ। बताया कि कई सालों से यह कबाड़ा गोडाउन रहवासी क्षेत्र में संचालित हो रहा है। पूर्व में इसे हटाने के लिए नोटिस भी दिए गए। लेकिन आज तक ना तो जिला प्रशासन और नहीं नगर निगम के अधिकारी रहवासी क्षेत्र से इस कबाड़ गोडाउन को हटा पाए।
कोई बड़ा अधिकारी नहीं पहुंचा
आग इतनी भयावह थी दूर-दूर तक आग का धुआं दिखाई दे रहा था। आग की सूचना पर सबसे पहले हाट की चौकी प्रभारी पंकज राजपूत व पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया आए, लेकिन कुछ देर रुकने के बाद चले गए। बाद में रात में डिवीजन ड्यूटी होने के कारण जावरा से एसडीओपी संदीप मालवीय मौके पर पहुंचे। इस दौरान जिला प्रशासन व नगर निगम कमिश्नर समेत कोई भी बड़ा अधिकारी मौके पर नजर नहीं आया।
सुरक्षा के लिए बिजली सप्लाई बंद की गई
जिस जगह आग लग उसी के बाहर बिजली कंपनी की डीपी भी लगी हुई थी। आग के कारण हाट की चौकी, वेद व्यास कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्र की विद्युत सप्लाई बंद करना पड़ी। गोडाउन से सट कर लगी हाट रोड की दुकानों के ऊपर रखा सामान भी जल कर खाक हो गया। फ्रीज व कूलर दुकानों की छत पर रखे थे। आग के कारण वह भी जल गए।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने कहा कि स्क्रैप गोडाउन में आग किस कारण से लगी अभी पता नहीं चला है। रतलाम के अलावा आसपास की दमकलों को बुलाया गया। करीब 25 से 30 फायर लॉरी की मदद से आग पर काबू पाया है। रतलाम सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया आग की सूचना मिलते ही मौके पर फायर लॉरी को भिजवाया गया है। किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।

More From Author

जेसी बैंक चुनाव : रेलवे कर्मचारी परिषद एवं एसटी संगठन ने रैली निकाल दो प्रत्याशी उतारे

रतलाम रेलवे अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार : कैंसर उपचार से लेकर रोबोटिक सर्जरी तक नई सौगात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *