रतलाम। शुक्रवार दोपहर सुभाष नगर में चाकू बाजी की घटना हो गई। अवैध नल कनेक्शन के लिए मना किया तो पहले सेतु विभाग के 70 वर्षीय ठेकेदार के साथ मारपीट की। ठेकेदार को चौकीदार बचाने आया तो उस पर व उसके तीन बेटों पर चाकू से हमला हो गया।
घटना हाट की चौकी ब्रिज पुलिया के साइड में बन रही सर्विस रोड पर हुई है। सेतु विभाग द्वारा सर्विस रोड बनाई जा रही है। रोड के बीच में से पेयजल की पाइप लाइन जा रही है। इसी पाइप लाइन से वही के रहवासी मलंग पिता हुसैन शाह (26) ने अवैध नल कनेक्शन कर लिया। —-सेतु विभाग के ठेकेदार सुभाष ठक्कर ने शुक्रवार को इस पर आपत्ति ली। इसी बात को लेकर मलंग ने ठेकेदार के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट होते देख ठेकेदार के चौकीदार गनी पिता यासीन शाह (46) बचाने आया। तभी आरोपी मलंग ने चौकीदार पर चाकू से हमला कर दिया। पिता पर हमला होते देख चौकीदार का बेटा नवाज (21), साहिल (19), शौकत (16) बचाने आया। तब इन पर भी चाकू से हमला कर दिया। तब लोगों की भीड़ इक_ी हो गई। जैसे तैसे लोगों ने आरोपी को पकड़ा।
आंखों से निकले आंसू
जिला अस्पताल में ठेकेदार इतने घबराए हुए थे कि उनकी आंखों से आंसू निकल आए। उनसे कुछ बोलते भी नहीं बन रहा था। रोते हुए वह कहते रहे आज तक कभी ऐसा मेरे साथ नहीं हुआ। चाकू लेकर आया था वह।
जिला अस्पताल लेकर आए
मारपीट से घायल ठेकेदार व चाकू से घायल पिता और तीन बेटों को जिला अस्पताल लेकर आए। सूचना मिलने पर सेतु विभाग के एसडीओ रघुनाथ सूर्यवंशी, हाट की चौकी प्रभारी पंकज राजपूत भी जिला अस्पताल पर पहुंचे।
सेतु विभाग के एसडीओ रघुनाथ सूर्यवंशी ने बताया कि नल का अवैध कनेक्शन करने से मना किया तो आरोपी मलंग ने ठेकेदार और चौकीदार समेत उनके तीन बेटों पर चाकू से हमला किया है। शासकीय कार्य में बाधा और जानलेवा हमला का केस दर्ज कराया जा रहा है।