
आलोट, 30 जुलाई।( News SSR )’जय भोले, बम भोले’ के गगनभेदी जयघोष के साथ ही शिव भक्ति का पावन श्रावण मास प्रारंभ हो चुका है। श्रावण मास के पहले दिन सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भगवान भोलेनाथ को जल, बिल्वपत्र और शमी पत्र अर्पित किए।

नगर के प्रसिद्ध अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में श्रावण मास के अवसर पर भव्य ‘अखंड ॐ नमः शिवाय’ जप का आयोजन शुरू हुआ। जप के शुभारंभ से पूर्व समिति के सदस्यों ने क्षेत्र की जीवनदायिनी मां शिप्रा नदी पहुंचकर विधि-विधान से जल भरा। तत्पश्चात, पवित्र जल लेकर अनादिकल्पेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां भगवान भोलेनाथ का जलभिषेक किया गया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया।
यह अखंड ‘ॐ नमः शिवाय’ जप पूरे एक माह तक अनवरत चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन शाम को अनादिकल्पेश्वर महादेव का आकर्षक श्रृंगार और महाआरती की जाएगी।
श्रावण मास के दौरान विशेषकर सोमवार को उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजन में कोई असुविधा न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। अनादिकल्पेश्वर मंदिर को विद्युत सज्जा और फूलों से विशेष रूप से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
नगर के अन्य सभी शिवालयों में भी सुबह से ही शिव भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। पूरे श्रावण मास के दौरान विभिन्न मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान, अभिषेक और कई भव्य आयोजन लगातार आयोजित किए जाएंगे।