राम मंदिर क्षेत्र में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ता, एफआईआर वापस लेने की मांग; नारेबाजी कर जताया आक्रोश

रतलाम, 1 सितंबर 2026 (मंगलवार) ( News SSR )कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में रतलाम शहर कांग्रेस द्वारा मंगलवार को राम मंदिर क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में जमकर नारेबाजी करते हुए एफआईआर वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” और “झूठी एफआईआर बंद करो” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने हल्द्वानी में हुई कथित शुद्धिकरण की घटना को लेकर अपना पक्ष रखा था और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई थी। ऐसे में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किया जाना लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली आयोजित हुई थी। इसके बाद 11 अगस्त को कुछ लोगों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर कथित रूप से गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण किया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह कृत्य खड़गे की जाति को लेकर किया गया, जिसे पार्टी ने छुआछूत और अपमानजनक मानसिकता से जोड़कर देखा।
इसके बाद 29 अगस्त को राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस घटना को छुआछूत बताते हुए एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की थी। इसी बयान को लेकर उनके खिलाफ जातिगत तनाव बढ़ाने और भावनाएं आहत करने के आरोप में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।
रतलाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर तत्काल वापस ली जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एफआईआर वापस नहीं ली गई तो रतलाम शहर कांग्रेस द्वारा लगातार चरणबद्ध तरीके से विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
प्रदर्शन में पारस सकलेचा, यास्मीन शेरानी, महेंद्र कटारिया, कमरुद्दीन कछवाया, वहीद शेरानी, सलीम बागवान, आशा रावत, नीलोफर खान, मीनाक्षी सेन, कविता महावर, शैलेंद्र सिंह अठाना, प्रदीप राठौड, राजीव रावत, मंसूर अली पटौदी, इक्का बेलूत, हितेश पेमाल, मेहमुद शेरानी, बसंत पंड्या, विजय उपाध्याय, राजेश प्रजापत, हरविंदर सिंह, हशमतुल्लाह खान, शाकिर खान, मकबूल कुरैशी, राधा प्रजापत, वीरपाल सिंह राठौर, इकरार चौधरी, उदित मूणत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।