
रतलाम 2सितम्बर( News SSR ) सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में यातायात पुलिस रतलाम द्वारा दो बत्ती चौपाटी पर एक विशेष हेलमेट अवेयरनेस प्रोग्राम का आयोजन किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व और सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 100 दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट का वितरण किया गया और भविष्य में हमेशा हेलमेट लगाकर ही वाहन चलाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया तथा डीएसपी ट्रैफिक आनंद सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उपस्थित अधिकारियों ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट सुरक्षा कवच की तरह काम करता है।

अधिकांश गंभीर दुर्घटनाओं में सिर की चोट ही जानलेवा साबित होती है, जिससे हेलमेट पहनकर बचा जा सकता है। पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों की जीवन सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
यातायात पुलिस रतलाम ने शहर के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें तथा दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करें।