एनआरसी सैलाना में कलेक्टर कटेसरिया ने आठ माह की जया को गोद में लेकर किया दुलार

जया के प्रति कलेक्टर का स्नेह बना भावुक क्षण

अति कुपोषित बच्ची की रिपोर्ट एवं उपचार की जानकारी लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति को लेकर कलेक्टर ने किया एनआरसी का निरीक्षण

रतलाम 4 सितंबर( News SSR )कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सैलाना प्रवास के दौरान पोषण पुनर्वास केंद्र एनआरसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एनआरसी में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं उपचार की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और केंद्र में उपलब्ध विभिन्न अभिलेखों एवं रिपोर्ट्स का परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया की नजर एनआरसी में भर्ती आठ माह की नन्ही बच्ची जया पर पड़ी। बच्ची की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने उसके प्रति आत्मीयता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उसे अपनी गोद में उठा लिया। उन्होंने लगभग 15 से 20 मिनट तक बच्ची जया को अपने हाथों में लेकर दुलार किया और स्नेहपूर्वक उसके साथ समय बिताया।

कलेक्टर के इस आत्मीय व्यवहार ने एनआरसी के माहौल को भावुक कर दिया। जया को कलेक्टर ने बेहद स्नेह और अपनत्व के साथ संभाला। उन्होंने बच्ची की स्थिति के बारे में उसके परिजनों एवं चिकित्सकीय स्टाफ से जानकारी ली। कुछ देर बाद जब कलेक्टर ने बच्ची को उसके परिजन को वापस सौंपा, तो बच्ची भी कलेक्टर की गोद से जाने के बाद रोने लगी। इस दौरान कलेक्टर ने बच्ची को फिर स्नेहपूर्वक शांत कराया।

यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए भावुक कर देने वाला रहा। कलेक्टर का बच्चों के प्रति यह आत्मीय व्यवहार प्रशासनिक निरीक्षण से आगे बढ़कर मानवीय संवेदनशीलता और बच्चों के प्रति अपनत्व का भाव दर्शाता नजर आया।

अति कुपोषित बच्ची की रिपोर्ट का किया विस्तृत परीक्षण

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने जया के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उसकी उपचार संबंधी पूरी रिपोर्ट का अवलोकन किया। उन्होंने बच्ची के भर्ती होने से लेकर अब तक किए गए उपचार, स्वास्थ्य जांच, पोषण आहार तथा स्वास्थ्य में हुए सुधार की जानकारी ली।

उन्होंने एनआरसी में उपलब्ध बच्ची की सभी संबंधित रिपोर्ट्स एवं दस्तावेजों का बारीकी से परीक्षण किया तथा चिकित्सकों से उसकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने बच्ची के उपचार एवं पोषण की स्थिति को देखते हुए चिकित्सक एवं संबंधित स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने एनआरसी में भर्ती अन्य बच्चों की स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी रिपोर्ट्स का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रत्येक बच्चे के उपचार, पोषण आहार, वजन में वृद्धि तथा स्वास्थ्य सुधार की स्थिति के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने एनआरसी के अभिलेखों एवं दस्तावेजों का परीक्षण करते हुए अधिकारियों से कहा कि केंद्र में भर्ती प्रत्येक बच्चे के उपचार एवं पोषण पर विशेष निगरानी रखी जाए। बच्चों को निर्धारित मापदंड के अनुसार पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ ही उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच एवं फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए।

जया के प्रति कलेक्टर का स्नेह बना भावुक क्षण

निरीक्षण के दौरान आठ माह की जया को गोद में लेकर कलेक्टर श्री कटेसरिया द्वारा जिस आत्मीयता से उसे दुलार किया गया, वह मौके पर मौजूद लोगों के लिए भावुक क्षण रहा। एक ओर जहां कलेक्टर ने बच्ची के स्वास्थ्य की चिकित्सकीय रिपोर्ट का गंभीरता से परीक्षण किया, वहीं दूसरी ओर नन्ही बच्ची को अपनेपन और स्नेह के साथ समय देकर यह संदेश भी दिया कि कुपोषण से लड़ाई केवल आंकड़ों और रिपोर्टों की नहीं, बल्कि हर बच्चे के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य से जुड़ी जिम्मेदारी है।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनआरसी में भर्ती बच्चों को बेहतर उपचार, पौष्टिक आहार और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं रहे तथा प्रत्येक बच्चे को स्वस्थ बनाकर उसके परिवार तक पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

More From Author

कलेक्टर ने तालाब का पानी खुद पीकर चखा, बोले- पानी का स्वाद हिमालयन ड्रिंकिंग वाटर जैसा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *