भगवान महावीर के जन्म कल्याणक वाचन पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, केसर के छापों, पालने जी की बोली और पुष्पवर्षा से सजा जन्मोत्सव

आलोट।( News SSR )भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक वाचन के अवसर पर शनिवार को आलोट नगरी भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर नजर आई। नगर की गलियां ‘त्रिशला नंदन वीर की जय, बोलो महावीर की’ के जयघोष से गूंज उठीं। साध्वी चारित्र कला श्री जी की निश्रा में निकले भव्य जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
जन्म कल्याणक की खुशियों के बीच जुलूस के दौरान हुई बारिश ने श्रद्धालुओं के उत्साह को कम करने के बजाय वातावरण को और भक्तिमय बना दिया। आसमान से बरसती बूंदों के बीच गूंजते जयकारों ने ऐसा दृश्य बना दिया, मानो इंद्र देव भी भगवान महावीर के जन्मोत्सव की खुशियों में शामिल होकर आशीर्वाद बरसा रहे हों। बारिश के बावजूद श्रद्धालु पूरे उत्साह और उमंग के साथ जुलूस में चलते रहे और पूरा आलोट महावीरमय नजर आया।
धर्मध्वजा के साथ निकला भव्य जुलूस
धर्मध्वजा के साथ निकला जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। रास्तेभर समाजजनों में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण दिखाई दिया। जुलूस में दोनों संघों के अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं समाजजन शामिल हुए। जयघोष से पूरा नगर गूंजता रहा।
जन्म वाचन के मंगल क्षण में बरसे केसर के छापे
जन्म वाचन समारोह में भगवान महावीर स्वामी के जन्म प्रसंग का श्रद्धापूर्वक वाचन किया गया। माता त्रिशला को आए 14 मंगलकारी स्वप्नों से जुड़े धार्मिक प्रसंगों का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
भगवान महावीर के जन्म के मंगल क्षण आते ही समारोह स्थल पर उत्साह चरम पर पहुंच गया। समाजजनों ने एक-दूसरे को केसर के छापे लगाकर जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं। केसर के रंग, श्रद्धालुओं के चेहरों पर खिले भाव और गूंजते जयकारों ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से भर दिया।
पालने जी की बोली बनी आकर्षण का केंद्र
जन्म कल्याणक समारोह में भगवान के पालने जी की बोली भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। त्रिस्तुतिक संघ में भगवान के पालने जी की बोली विमल कुमार जैन मावा वाला परिवार ने ली, जबकि तपागच्छ संघ में पालने जी की बोली राजेंद्र कुमार देसरला परिवार ने ली।
पालने जी की बोली के दौरान समाजजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इस पावन प्रसंग में पूरे भक्तिभाव के साथ सहभागिता की।
नगर परिषद के मंच से हुई पुष्पवर्षा
महावीर जन्म कल्याणक के अवसर पर निकले जुलूस का नगर परिषद की ओर से भी स्वागत किया गया। परिषद द्वारा लगाए गए मंच से जुलूस पर पुष्पवर्षा की गई। एक ओर आसमान से बारिश की बूंदें बरस रही थीं तो दूसरी ओर मंच से फूलों की वर्षा हो रही थी। दोनों ने मिलकर जन्मोत्सव के दृश्य को और भी मनोहारी एवं यादगार बना दिया।
इस अवसर पर त्रिस्तुतिक संघ अध्यक्ष संजय डुंगरवाल एवं तपागच्छ संघ अध्यक्ष राजेंद्र देसरला का साफा पहनाकर स्वागत किया गया इस दौरान नगर परिषद् अध्यक्ष ममता जैन,नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक जैन सहित पार्षदगण मौजूद रहे।
आरती के बाद हुआ स्वामी वात्सल्य
भव्य जुलूस के नगर भ्रमण के बाद धार्मिक विधि-विधान के साथ आरती का आयोजन किया गया। आरती में समाजजनों ने भगवान महावीर के प्रति श्रद्धा अर्पित की। इसके पश्चात स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों ने सामूहिक रूप से प्रसादी ग्रहण की