महू-नीमच हाईवे पर ट्रकों से चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

रेकी कर चलते ट्रक पर चढ़कर काटते थे तिरपाल

​रतलाम,17 सितंबर(News SSR)। थाना नामली पुलिस ने महू-नीमच हाईवे पर ट्रकों को निशाना बनाने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 7 आरोपी फिलहाल फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल, हथियार, शराब और मोटरसाइकिलें समेत कुल 8.59 लाख रुपये का मश्रूका जप्त किया गया है।

​पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, एएसपी राकेश पान्द्रो व एसडीओपी अजय सारवान के मार्गदर्शन में नामली थाना प्रभारी अमित कोरी की विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।

​कैमरों के फुटेज और मुखबिर से मिला सुराग
​हाईवे पर ट्रकों का तिरपाल काटकर माल पार करने की शिकायतों पर पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। 16 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने धर्मेन्द्र बापू के खेत पर बने मकान के पीछे घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से अमन, राहुल और निखिल को पकड़ा, जबकि तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। तलाशी के दौरान आरोपी अमन के पास से एक 32 बोर का देशी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।

​चलते ट्रक पर चढ़कर काटते थे तिरपाल
​पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की बाइकों पर रेकी करते थे। स्पीड ब्रेकर या घाटी में जब ट्रक धीमे होते थे, तब बाइक पर बीच में बैठा आरोपी रस्सी के सहारे ट्रक पर चढ़ जाता था। वह तिरपाल काटकर लहसुन और सरसों के कट्टे नीचे गिरा देता था, जिन्हें पीछे आ रहे साथी समेट लेते थे। माल को हाईवे से 500 मीटर दूर खेत में छिपाया जाता था। आरोपियों ने हाल ही में लहसुन के 14 कट्टे और सरसों के 13 कट्टे चोरी करना स्वीकार किया है। लूट की वारदात में पुलिस और अन्य की मुखबिरी करने वाले सोनू को भी आरोपियों की निशानदेही पर गिरफ्तार कर लिया।

​जब्त सामान (कुल मूल्य: ₹8,59,000/-)

​लहसुन व सरसों: 14 कट्टे लहसुन (कीमत ₹1.05 लाख) एवं 13 कट्टे सरसों (कीमत ₹4.30 लाख)।

​वाहन: चोरी की 04 बिना नंबर की मोटरसाइकिलें (कीमत ₹2.80 लाख)।
​हथियार व शराब: 01 देशी पिस्टल कट्टा मय 02 कारतूस (कीमत ₹40,000) तथा 30 लीटर जहरीली शराब (कीमत ₹4,000)।

​गिरफ्तार एवं फरार आरोपी
​गिरफ्तार: अमन पिता दीपू सिसोदिया (22), राहुल पिता गोरिया हाड़ा (30), निखिल पिता बबलू हाड़ा (23) [तीनों निवासी उखेड़िया] तथा सोनू पिता राजेन्द्र सिसोदिया (22) [निवासी मेवासा]।

​फरार आरोपी: अनीश हाड़ा, चिंटू हाड़ा, अमित हाड़ा, अभिषेक सिसोदिया, आशीष चौहान, राजकुमार राणावत (सभी निवासी उखेड़िया) एवं धर्मेंद्रसिंह सिसोदिया (निवासी मेवासा)।

​पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

More From Author

किराने की आड़ में अवैध शराब का कारोबार, स्टेशन रोड पुलिस की दबिश में पकड़ाया आरोपी

भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories