
रतलाम,05 नवंबर ( News SSR )। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सादाखेड़ी ओवरपास पर तेज रफ्तार से जा रही एक अनियंत्रित कार फ्लाई ओवर से सीधे नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। कार की तलाशी के दौरान पुलिस को उसमें से लाखों रुपये की नकदी भी बरामद हुई है, जिसकी जांच जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रवीण मीणा अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ गुजरात के वापी से राजस्थान के गंगापुर जा रहे थे। रास्ते में सादाखेड़ी ओवरपास के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हुई और नीचे जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार प्रवीण मीणा, उनकी पत्नी व दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सुमित मिश्रा और सरसी चौकी प्रभारी अयूब खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत रेस्क्यू कर सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
कपड़ों के बीच छिपाकर रखी गई थी नकदी
थाना प्रभारी सुमित मिश्रा ने बताया कि हादसे के बाद जब पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो बैग में रखे कपड़ों के बीच से लाखों रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पूरी राशि को बिना गिने सील और जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने बरामद राशि का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
पुलिस अब हादसे के कारणों के साथ-साथ कार से मिली इतनी बड़ी रकम के स्रोत और उसके इस्तेमाल के बारे में गहन जांच कर रही है।