
रतलाम।( News SSR )।मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह के सुपुत्र, कांग्रेस के कद्दावर नेता, मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक अजय सिंह ‘‘ राहुल भैया ‘‘ आज सोमवार 22 जून को रतलाम प्रवास पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का वातावरण है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व पार्षद एवं मालवा विकास सद्भावना मंच के संयोजक राकेश झालानी ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल भैया सड़क मार्ग से लगभग शाम 4 बजे रतलाम पहुंचेंगे। शहर में विभिन्न स्थानों पर कांग्रेसजनों, सामाजिक संगठनों एवं समर्थकों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रतलाम से राहुल भैया चंपा विहार, सागोद रोड मार्ग होते हुए खेतलपुर स्थित हिम तारा रिसोर्ट पहुंचेंगे, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, युवा कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ विस्तृत संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर देश और प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों पर गंभीर चर्चा होगी। संवाद के प्रमुख विषयों में देश में बढ़ती अस्थिरता, युवाओं में बढ़ता आक्रोश, देशहित के विरुद्ध चल रही गतिविधियां एवं चुनौतियां, लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, विकास से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं का अभाव, आमजन की समस्याएं तथा संगठन और कार्यकर्ताओं के समक्ष उपस्थित विभिन्न मुद्दे शामिल रहेंगे।
23 जून को वे बुद्धिजीवियों से उनके घर जाकर भी भेंट करेंगे, और पार्टी के विस्तार व मजबूती के लिए कार्य करेंगे।
राहुल भैया आगामी चुनावों की रणनीति, संगठन की मजबूती तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
कांग्रेस के वरिष्ठ किसान नेता एवं पीसीसी सदस्य रामचंद्र धाकड़ तथा कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का दायित्व संभाल रहे आदित्य झालानी ने बताया कि कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चुनिंदा व्यक्तित्वों का सम्मान भी किया जाएगा।
इन सम्मानित होने वाले व्यक्तियों ने शिक्षा, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, राजनीति, जनकल्याण एवं अन्य क्षेत्रों में वर्षों से निस्वार्थ भाव से समाजहित में महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान की हैं। उनके योगदान को सम्मानित कर समाज में सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
कांग्रेस संगठन ने जिले के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संवाद को सफल बनाने की अपील की है।