
रतलाम।( News SSR ) पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा घोषित के.एफ. रुस्तमजी पुरस्कार 2025 के लिए प्रदेश के 33 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन किया गया है। इसमें रतलाम जिले के 2 पुलिसकर्मियों को भी प्रतिष्ठित सम्मान मिला है।
जावरा थाने के उप निरीक्षक रघुवीर जोशी को अति विशिष्ट श्रेणी में और साइबर सेल के प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा को विशिष्ट श्रेणी में सम्मानित किया गया है।रघुवीर जोशी को 2024 में जावरा के शंकर मंदिर में गोवंश का सिर मिलने के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति को बिना किसी अप्रिय घटना के नियंत्रित कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के उल्लेखनीय कार्य के लिए अति विशिष्ट श्रेणी में 12 बोर गन और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। वहीं प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा को विशिष्ट श्रेणी में 50 हजार रुपए और प्रशस्ति पत्र मिलेगा। साइबर सेल में पदस्थ मनमोहन शर्मा ने 25 साल के सेवाकाल में तकनीकी विश्लेषण से कई जटिल मामलों का खुलासा किया है। इनमें कालूखेड़ा में 10 माह की मासूम के अपहरण-हत्या, रिंगनोद में युवती की हत्या, औद्योगिक क्षेत्र रतलाम में रचना उपाध्याय हत्याकांड, रावटी में महिला की हत्या, डीडी नगर में 65 लाख की चोरी और आलोट में 7.11 लाख की ऑनलाइन ठगी के मामलों का खुलासा शामिल है। साथ ही एमडी ड्रग्स नेटवर्क के 26 प्रकरणों में 73 आरोपी और 4.10 करोड़ की 4.262 किलो एमडीएमए जब्ती में भी उनकी अहम भूमिका रही। ऑपरेशन मुस्कान के तहत 158 गुमशुदा नाबालिगों को दस्तयाब कराने में भी योगदान दिया। उन्हें अब तक 423 बार सम्मानित किया जा चुका है।
एसपी अमित कुमार ने दोनों पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे रतलाम पुलिस परिवार के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।