
आलोट।(News SSR) पीएम श्री एकीकृत शासकीय हाईस्कूल विक्रमगढ़ आलोट में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आलोट थाना क्षेत्र के यातायात प्रभारी श्री सत्येंद्र सिंह राजपूत ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करते हुए विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी।
हेलमेट और सीटबेल्ट की अनिवार्यता पर जोर
कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी श्री राजपूत ने दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चलाते वक्त सीटबेल्ट का उपयोग करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने समझाया कि सड़क पर थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन न केवल हमारी बल्कि दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रख सकता है।
विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का हुआ समाधान
जागरूकता सत्र के अंत में एक प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन चालन से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। यातायात प्रभारी ने बेहद सरल और सहज तरीके से सभी प्रश्नों के उचित उत्तर देकर विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 150 विद्यार्थियों के साथ-साथ समस्त स्कूल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और भविष्य में यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करने का संकल्प लिया।