गांधीनगर खूनी संघर्ष मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध ‘चटाका टाउन’ ढाबे पर चला बुलडोजर, तीन गिरफ्तार

रतलाम,13 सितंबर ( News SSR )। औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत गांधीनगर में शनिवार रात हुए प्राणघातक हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस प्रशासन ने वारदात के केंद्र रहे अवैध ‘चटाका टाउन’ ढाबे को रविवार को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह नेस्तनाबूत कर दिया। इसके साथ ही मामले में संलिप्त तीन नामजद आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात ‘चटाका टाउन’ ढाबे पर दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इस ढाबे पर लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी और लोगों को बैठाकर पिलाई भी जा रही थी। इसी दौरान नशे की हालत में विवाद उपजा, जिसने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने रविवार को तत्काल संज्ञान लिया और पुलिस टीम को आरोपियों की धरपकड़ व अवैध निर्माण पर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से संचालित ढाबे को ध्वस्त कर दिया।

मामले में कुल चार आरोपी मनीष निवासी गांधीनगर, विनोद निवासी गांधीनगर, विराज निवासी गांधीनगर, लकी निवासी गांधीनगर नामजद के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किए गए थे, जिनमें से तीन आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। चौथे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है और अवैध गतिविधियों में लिप्त असामाजिक तत्वों में हड़कंप व्याप्त है।

More From Author

सकल हिन्दू समाज रतलाम द्वारा 11 दिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन, सामाजिक समरसता और स्वदेशी पर रहेगा जोर

विक्रम अवॉर्डी बास्केटबॉल खिलाड़ी संजय वशिष्ठ ऑल इंडिया चयन समिति में

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories