जिला अस्पताल में डॉक्टर से मारपीट, आरोपी पुलिस गिरफ्त में

​अस्पताल में मचा हड़कंप, डॉक्टरों ने थाने पहुंचकर दर्ज कराया मामला

​रतलाम, 10 जुलाई ( News SSR )। स्थानीय जिला चिकित्सालय में शुक्रवार सुबह उस समय भारी हड़कंप मच गया, जब एक मरीज के परिजन ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ विवाद करते हुए मारपीट कर दी। घटना से नाराज जिला अस्पताल के डॉक्टरों की टीम तुरंत स्टेशन रोड थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जिला चिकित्सालय के हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक सर्जन) डॉ. दिनेश भूरिया मरीजों का परीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान चिंगीपुरा निवासी आसिफ पिता इमरान कुरैशी अपनी छोटी बालिका को इलाज के लिए लेकर आया। आरोपी ने डॉक्टर से कहा कि कपड़े बदलते समय बच्ची की हड्डी क्रैक हो गई है।

​जब डॉ. भूरिया ने बच्ची का परीक्षण किया, तो उन्होंने परिजन को समझाया कि कपड़े बदलने से हड्डी क्रैक नहीं होती है। बच्ची के हाथ में सिर्फ सामान्य सूजन है और हड्डी क्रैक जैसा कोई मामला नजर नहीं आ रहा है।

​डॉक्टर के गाल और नाक पर आई चोटें
डॉक्टर द्वारा इतनी बात कहते ही आरोपी आसिफ अचानक तैश में आ गया। उसने डॉक्टर के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते उनके साथ मारपीट कर दी। इस अचानक हुए हमले में डॉ. भूरिया के गाल और नाक पर चोटें आईं। अस्पताल परिसर में डॉक्टर के साथ हुई इस सरेआम मारपीट से वहां अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

​पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना के विरोध में जिला चिकित्सालय के सभी डॉक्टर एकजुट होकर स्टेशन रोड थाने पहुंचे और शासकीय कार्य में बाधा व मारपीट का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी आसिफ कुरैशी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

More From Author

महावीर कॉलोनी में बगीचे की सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप अवैध निर्माण रोकने की कि मांग।

जावरा शहर काज़ी पद को लेकर विवाद, अवैध नियुक्ति का आरोप सीएसपी, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories