
रतलाम।14 जुलाई।( News SSR ) आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज मंगलवार सुबह 11 बजे के लगभग पुलिस अधीक्षक कार्यालय रतलाम में जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए 65 आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा प्राप्त शिकायतों पर संबंधित थाना प्रभारियों से प्रकरणों की स्थिति एवं अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली गई। साथ ही नई प्राप्त शिकायतों पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई कर संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर राकेश पन्द्रो द्वारा पूर्व में आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर उनकी प्रगति की जांच की गई तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जाए तथा की गई कार्यवाही से आवेदकों को अवगत कराया जाए।
इस दौरान निरीक्षक गायत्री सोनी, निरीक्षक रेखा चौधरी, उप निरीक्षक राजश्री सिसोदिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में जनसुनवाई की प्रक्रिया नियमित रूप से जारी रखी जाएगी।