बाजना अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर विधायक डोडियार का बड़ा प्रहार

CMHO को लिखा सख्त पत्र; डॉक्टरों की अनुपस्थिति, दवाइयों की कमी और गंदगी पर जताई नाराजगी…..

रतलाम । ( News SSR )

सैलाना विधानसभा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाजना में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कड़ा रुख अपनाया है। लगातार मिल रही शिकायतों और मरीजों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए विधायक डोडियार ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) रतलाम को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में अस्पताल की कई गंभीर समस्याओं का उल्लेख किया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में लगा वाटर कूलर खराब पड़ा है और भीषण गर्मी के बावजूद मरीजों एवं उनके परिजनों को ठंडा पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे लोगों को पानी के लिए बाहर भटकना पड़ रहा है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो रही है। कई बार ड्यूटी पर चिकित्सक अनुपस्थित रहते हैं, जिसके कारण आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। विधायक ने इसे आमजन के स्वास्थ्य के साथ गंभीर लापरवाही बताया है।

विधायक डोडियार ने अस्पताल में आवश्यक एवं सामान्य दवाइयों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि गरीब और ग्रामीण मरीजों को मजबूरी में निजी मेडिकल दुकानों से महंगी दवाइयाँ खरीदनी पड़ रही हैं, जो शासन की स्वास्थ्य योजनाओं की भावना के विपरीत है।

इसके अलावा अस्पताल परिसर और शौचालयों में फैली गंदगी पर भी विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने साफ कहा कि नियमित सफाई नहीं होने से संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।

विधायक कमलेश्वर डोडियार ने CMHO से मांग की है कि अस्पताल में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू कर डॉक्टरों और कर्मचारियों की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। साथ ही अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई हो। उन्होंने अस्पताल में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, वाटर कूलर की तत्काल मरम्मत, नियमित साफ-सफाई और ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों व स्टाफ की सूची सूचना बोर्ड पर प्रदर्शित करने के निर्देश जारी करने की मांग भी की है।

कड़ी चेतावनी देते हुए विधायक नें कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो बड़ा जनआंदोलन भी खड़ा हो सकता है।इस सख्त रुख के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। क्षेत्रीय जनता ने विधायक के इस कदम का स्वागत किया है!

More From Author

रतलाम पुलिस की सफलता: 1.78 लाख की अवैध शराब मामले में फरार इनामी आरोपी गिरफ्तार

महाप्रबंधक दक्षता शील्ड प्राप्त होने पर अभिनंदन पत्र के साथ सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories