विधानसभा घेराव सहित जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए जन संगठनों के साथ मिलकर आंदोलन तेज करने का निर्णय

भोपाल।( News SSR ) राजधानी भोपाल के पटेल नगर में मध्यप्रदेश में तीसरे मोर्चे के विभिन्न राजनीतिक दलों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न गंभीर जनहित के मुद्दों, आदिवासी समाज के अधिकारों, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, किसानों, मजदूरों, गरीबों और वंचित वर्गों से जुड़े सवालों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न जन संगठनों, सामाजिक संगठनों एवं जन आंदोलनों के समन्वय से साझा संघर्ष को व्यापक रूप दिया जाएगा। इसके तहत प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं को लेकर विधानसभा घेराव सहित विभिन्न जनआंदोलनों की रणनीति तैयार की जाएगी।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जल, जंगल और जमीन पर जनता के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की रक्षा, आदिवासियों के अधिकारों, किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा प्रदेश के आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक दलों को एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी।
बैठक में मध्यप्रदेश विधानसभा में गैर-कांग्रेस एवं गैर-भाजपा के एकमात्र विधायक तथा भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार सहित राष्ट्रीय जनता दल (राजद), बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (सपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (सीपीआई-एमएल), फॉरवर्ड ब्लॉक सहित अन्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित नेताओं ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के जनहित के मुद्दों पर वैचारिक मतभेदों से ऊपर उठकर एक साझा मंच तैयार करने की आवश्यकता है, ताकि जनता की आवाज को मजबूती के साथ सरकार और विधानसभा तक पहुंचाया जा सके।
बैठक का मुख्य संदेश रहा कि प्रदेश के जल, जंगल, जमीन, संविधान प्रदत्त अधिकारों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए आने वाले समय में तीसरे मोर्चे के राजनीतिक दल और जन संगठन मिलकर साझा संघर्ष को नई दिशा देंगे।