जनगणना राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण कार्य, इसे गंभीरता से करें: अपर कलेक्टर रावत।
जिला जनगणना हस्तपुस्तिका 2027 के लिए क्षेत्र पदाधिकारियों का प्रशिक्षण प्रारंभ

रतलाम। ( News SSR )जिला जनगणना हस्तपुस्तिका 2027 के निर्माण के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी बृजेन्द्र कुमार रावत ने आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज में निरीक्षण किया। प्रशिक्षण में तहसील रावटी, बाजना तथा नगर परिषद नामली एवं धामनोद के लिए नियुक्त क्षेत्र पदाधिकारियों को जानकारी दी गई। अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं जिला योजना अधिकारी बालकृष्ण पाटीदार भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का संचालन जिला एवं चार्ज स्तरीय प्रशिक्षक रजनीश भार्गव एवं सुश्री ओजस्वी ने किया। अपर कलेक्टर रावत ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय स्तर का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इसे पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं गुणवत्ता के साथ संपादित करें। मैदानी कार्य में किसी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। श्री पाटीदार ने बताया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका का निर्माण 1 से 30 अगस्त 2026 तक होगा। इसके तहत जिले के प्रत्येक ग्राम एवं नगरीय क्षेत्र की जानकारी संकलित की जाएगी। इसके लिए पटवारी एवं ग्राम सचिवों को क्षेत्र पदाधिकारी नियुक्त कर रतलाम व जावरा में छह दिवसीय चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मैदानी कार्य 1 अगस्त से शुरू होगा।