रतलाम मेडिकल कॉलेज की महिला गार्ड ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, पुलिस जांच में जुटी

​रतलाम,07 सितंबर ( News SSR )। शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत शिवनगर में सोमवार को शासकीय मेडिकल कॉलेज में पदस्थ एक 22 वर्षीय महिला सुरक्षा गार्ड ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय युवती घर पर अकेली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​जानकारी के अनुसार, शिवनगर निवासी नाजमीन खान (22) पिता जफर खान शासकीय मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थी। वह रविवार रात अपनी दोपहर 3 से रात 11 बजे की शिफ्ट पूरी कर घर लौटी थी। सोमवार सुबह परिजनों के साथ खाना खाने के बाद उसकी मां और छोटा भाई अपने-अपने काम पर चले गए थे।

​पिता के ड्यूटी से लौटने पर हुआ खुलासा
कटारिया फैक्ट्री में गार्ड का काम करने वाले पिता जफर खान जब सुबह करीब 10 बजे नाइट ड्यूटी खत्म कर घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक खटखटाने और फोन लगाने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसियों की मदद से जब दरवाजा तोड़ा गया, तो नाजमीन कमरे में लकड़ी की बल्ली पर दुपट्टे के फंदे से लटकी मिली।

​परिजन तुरंत उसे उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

More From Author

गौसेवा को जीवन का उद्देश्य बनाना सराहनीय : संत श्री  गोशरणानंद जी सरस्वती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *