
रतलाम, जुलाई ( News SSR )। शहर के सुंदरवन कॉलोनी निवासी राकेश तिवारी (पिता स्व. बंशीलालजी तिवारी) ने कलेक्टर कार्यालय में एक गंभीर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने मोहम्मद सईद मंसूरी और उनके साथियों पर उनकी निजी स्वामित्व वाली पैतृक भूमि पर जबरन कब्जा करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
आवेदन के अनुसार, विवादित भूमि ग्राम विरियाखेड़ी स्थित सर्वे नं.-140/2 (सिद्धार्थ नगर के पास) में स्थित है, जिसका रकबा 0.200 हेक्टेयर है। यह भूमि प्रार्थी के पिता स्व. बंशीलालजी तिवारी के स्वामित्व की थी, जिनकी मृत्यु के पश्चात प्रार्थी इसके वैध वारिस हैं और नगर निगम रतलाम में इसका नामंतरण भी हो चुका है। प्रार्थी द्वारा उक्त भूमि पर वैध रूप से निर्माण कार्य शुरू किया गया था।
पटवारी जांच में स्पष्ट हुआ सच
पीड़ित पक्ष के अनुसार, प्रतिवादी पक्ष द्वारा पूर्व में सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की गई थी, जिसके चलते 10 जुलाई 2026 को पटवारी द्वारा मौके पर आकर मुआयना किया गया। जांच में स्पष्ट हुआ कि प्रार्थी का भूखंड सर्वे नं.-140/2 में ही स्थित है, जबकि प्रतिवादी मोहम्मद सईद मंसूरी का भूखंड सर्वे नं.-140/4 में है जो कि अन्यत्र दूरी पर स्थित है।
धमकियों से परिवार दहशत में
पटवारी द्वारा स्थिति स्पष्ट किए जाने के बावजूद प्रतिवादी अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और जबरन विवाद करते हुए निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया। पीड़ित का आरोप है कि प्रतिवादी खुलेआम गाली-गलौज कर रहा है तथा सांप्रदायिक व आपराधिक धमकियां दे रहा है जिससे पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है।
पीड़ित राकेश तिवारी ने कलेक्टर से मांग की है कि इस मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए प्रतिवादी के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए तथा उनके परिवार एवं संपत्ति की रक्षा की जाए। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने कार्यवाही के लिए शहर तहसीलदार कुलभूषण शर्मा को निर्देश दिए।