
रतलाम 8 मई।( News SSR )
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग रतलाम की टीम द्वारा जिले के शिवगढ़ एवं पिपलौदा क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच हेतु सघन कार्रवाई की गई। शिवगढ़ में घर पर कुल्फी निर्माण कर विक्रय किए जाने की सूचना पर टीम ने ओम साईं मावा कुल्फी, रतलाम रोड शिवगढ़ का निरीक्षण किया।

यहां से कुल्फी, चोकोबार कुल्फी एवं मिल्क पाउडर के कुल 3 नमूने जांच हेतु लिए गए। वहीं गंगा आइसक्रीम जूस सेंटर से लस्सी एवं आमरस के 2 नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों में साफ-सफाई नहीं पाई गई, जिस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए।इसी क्रम में टीम ने पिपलौदा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ग्राम बोरखेड़ा स्थित कमलेश जाट की मावा भट्टी का निरीक्षण किया तथा मावे के 2 नमूने लिए।

इसके अलावा प्रजापत किराना एवं दूध डेयरी से मिक्स्ड दूध, बेसन, चावल, घी और पोहा के नमूने लिए गए। ग्राम हतनारा स्थित राका किराना से पारस देसी घी एवं आटे के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।जांच के दौरान प्रजापत किराना एवं राका किराना दोनों ही फर्म बिना खाद्य लाइसेंस संचालित पाई गईं।

उनके विरुद्ध बिना लाइसेंस संचालन के प्रकरण दर्ज किए गए।सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा एवं प्रीति मंडोरिया द्वारा की गई।