
सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने भोपाल में नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात कर नगरीय क्षेत्र में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लिए मांग पत्र सौंपा। मंत्री ने प्रस्तावों पर सहमति जताते हुए स्वीकृति देने का आश्वासन दिया।
डोडियार ने मांग पत्र में बताया कि सैलाना नगर में पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है। साथ ही नागरिक सुविधाओं के संचालन हेतु नगर पालिका भवन अत्यंत जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हो चुका है। नगर में शव वाहन की भी गंभीर समस्या है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पेयजल आपूर्ति सुधार के लिए नगर के 15 वार्डों में ट्यूबवेल एवं मोटर उपकरण स्थापित करने हेतु 21,75,000 रुपये की मांग की गई है। नगर के लिए 8,00,000 रुपये की लागत से एक शव वाहन उपलब्ध कराने का भी प्रस्ताव रखा गया है।
इसके अतिरिक्त नवीन नगर पालिका भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ 17 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 2 में परिषद की खाली पड़ी भूमि पर पार्क निर्माण के लिए 3 लाख रुपये स्वीकृत करने की मांग की गई है।इस मौके पर वार्ड 2 के पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत मांडोत भी मौजूद थे।