आलोट। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को थाना परिसर आलोट में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और होली आयोजकों से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम रचना शर्मा ने उपस्थितजनों से अपील करते हुए कहा कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे और समन्वय के साथ मनाए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।

एसडीओपी पल्लवी गौर ने कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने आयोजकों से निर्धारित समय सीमा और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा गश्त बढ़ाई जाएगी। बैठक में तहसीलदार पंकज पवैया एवं जेई अमित पाटीदार ने भी आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
बैठक के उपरांत प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में नगर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से नागरिकों को शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया गया। इस दौरान होली आयोजन समितियों के सदस्य एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।