रतलाम में शराब दुकान पर विवाद के बाद खूनी संघर्ष: पुलिस के सामने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर

​बुर्का पहनकर आई महिला ने आँखों में झोंकी मिर्ची, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस, हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश

​रतलाम। ( News SSR )स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एक शराब कलाली पर शुक्रवार रात को मामूली कहासुनी ने एक खौफनाक रूप अख्तियार कर लिया। शराब पीने के दौरान गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक पर 8 से 10 बदमाशों ने पुलिस की मौजूदगी में ही जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अंकित (निवासी भोई मोहल्ला) नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे पेट और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल है और आज रविवार दोपहर 12 बजे के लगभग समाज जनों व हिंदू संगठनों ने थाने पहुंचकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात को अंकित का आरोपी के साथ शराब की कलाली पर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ता देख आरोपी ने फोन कर तुरंत मौके पर 8 से 10 बाहरी बदमाशों को बुला लिया। इस बीच, घायल अंकित के चचेरे भाई और घटना के प्रत्यक्षदर्शी पवन कहार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की डायल 112 को फोन कर घटना स्थल पर बुलाया। तभी मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी में ही एक महिला बुर्का पहनकर आई और उसने अचानक अंकित की आँखों में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया। मिर्च के असर से जब तक कोई कुछ समझ पाता, तब तक मिर्च के कुछ कण वहां मौजूद पुलिसकर्मी की आँखों में भी चले गए। इसी का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी और उसके साथियों ने अंकित के पेट और सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गईं और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

​अस्पताल में हुआ जटिल ऑपरेशन, करीब 40 टांके आए
घटना के तुरंत बाद पुलिस की डायल 100 गाड़ी से गंभीर रूप से घायल अंकित को रतलाम मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उसका बेहद जटिल ऑपरेशन किया। बताया जा रहा है कि अंकित को पेट और सीने में गहरे घाव होने के कारण करीब 40 टांके आए हैं और उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

​छूटी हुई बाइक से खुला राज, ‘सद्दाम’ नाम के व्यक्ति की है गाड़ी
शनिवार और रविवार को इस घटना को लेकर समाज जनों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। बड़ी संख्या में लोगों ने स्टेशन रोड थाने का घेराव किया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। पीड़ित परिवार (माता पुष्पाबाई पति सेखन्दजी भोई) द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना स्थल पर आरोपियों की एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (पंजीयन क्रमांक MP-43-BD-4125) छूट गई थी, जो जांच करने पर हट रोड राजेंद्र नगर निवासी ‘सद्दाम’ नाम के व्यक्ति की पाई गई है। आरोप है कि बुर्का पहनकर हमला करने वाली महिला उसी की पत्नी थी।

​जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी: सीएसपी
इधर, नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया का कहना है कि बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना स्थल और उसके आसपास लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि सभी आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी नामजद और अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

More From Author

कॉलोनाइजर ने बंद किया परम्परागत रास्ता, किसानों ने SDM से लगाई गुहार

भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर सम्पन्न।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *