घोसवास के नित्यानंद विद्यालय में मनाया गया “एक पेड़, एक राखी” उत्सव

घोसवास। 03सितम्बर (News SSR )एकीकृत शासकीय नित्यानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घोसवास में शासन के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए “एक पेड़, एक राखी” उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में लगे पेड़-पौधों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने उत्साह के साथ परिसर में लगे पेड़ों को राखी बांधी और पेड़ों की नियमित देखभाल करने की शपथ ली। छात्राओं ने संदेश दिया कि पेड़-पौधे केवल प्रकृति का हिस्सा नहीं, बल्कि हमारे जीवन के आधार हैं, इसलिए उनकी रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है।
इस अवसर पर उच्च माध्यमिक शिक्षिका श्रीमती ललिता कदम ने कहा कि पेड़-पौधों की पूजा एवं संरक्षण हमारी वर्षों पुरानी परंपरा और संस्कृति का हिस्सा है। हमारी संस्कृति में प्रकृति को सदैव सम्मान दिया गया है। जिस प्रकार हम अपने परिवार के सदस्यों की देखभाल करते हैं, उसी प्रकार पेड़-पौधों को भी अपनापन देकर उनकी सुरक्षा और देखभाल करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पेड़ हमें शुद्ध वायु, छाया एवं पर्यावरण संतुलन प्रदान करते हैं। वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करना बेहद जरूरी है।
“एक पेड़, एक राखी” कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।