सर्वपितृ अमावस्या पर निःशुल्क सामूहिक श्राद्ध कर्म आयोजन को लेकर बैठक सम्पन्न

रतलाम। 08सितम्बर ( News SSR )पितृ पक्ष में आने वाली सर्वपितृ अमावस्या के पावन अवसर पर 10 अक्टूबर को निःशुल्क सामूहिक श्राद्ध कर्म का आयोजन श्री योग वेदांत सेवा समिति, युवा सेवा संघ महिला उत्थान मंडल एवं मांगल्य मंदिर धर्मक्षेत्र रतलाम द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। आयोजन की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं को लेकर आज श्री गुरु मंदिर, कालिका माता मंदिर के पास महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जानकारी देते हुए योग वेदांत सेवा समिति के अध्यक्ष श्री प्रेम प्रकाश बाथव ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी निःशुल्क सामूहिक श्राद्ध कर्म का आयोजन संत श्री वाटिका, चंपा विहार, रतलाम में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आयोजन में सम्मिलित होने वाले सभी श्राद्धकर्ताओं के लिए पूर्व रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रहेगा। रजिस्ट्रेशन के लिए समिति द्वारा मोबाइल नंबर के साथ गूगल फॉर्म लिंक एवं QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। श्राद्धकर्ता मोबाइल नंबर पर संपर्क करके अथवा गूगल फॉर्म लिंक खोलकर या QR कोड स्कैन करके अपना पंजीयन करवा सकेंगे। रजिस्ट्रेशन पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि आयोजन स्थल पर सभी पंजीकृत श्राद्धकर्ताओं के लिए श्राद्ध कर्म की संपूर्ण सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सामूहिक श्राद्ध कर्म का विधिवत आह्वान उड़ीसा, जगन्नाथ पुरी के विद्वान एवं संयमी ब्राह्मण देव श्री शारदा प्रसाद मिश्रा द्वारा किया जाएगा।

आयोजन में सम्मिलित होने वाले सभी श्राद्धकर्ताओं को प्रसादी स्वरूप वैदिक ज्ञान विज्ञान जागृति पीठ के संस्थापक महर्षि संजय शिवशंकर दवे द्वारा अभिमंत्रित कुबेर पोटली भी वितरित की जाएगी।

बैठक में आयोजन के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समिति के सेवादार भाई-बहन घर-घर जाकर पितृ पक्ष एवं श्राद्ध कर्म की महिमा से लोगों को अवगत कराएंगे तथा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को निःशुल्क सामूहिक श्राद्ध कर्म आयोजन में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित करेंगे।

समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने पितरों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए इस पुण्य अवसर पर सामूहिक श्राद्ध कर्म में सम्मिलित हों तथा समय रहते अपना निःशुल्क पूर्व पंजीयन अवश्य करवाएं।

More From Author

रतलाम मेडिकल कॉलेज की महिला गार्ड ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, पुलिस जांच में जुटी

घर-घर हो माटी गणेश की स्थापना, पर्यावरण संरक्षण का दें संदेश : रत्नेश विजयवर्गीय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *