फौजी से मारपीट के आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस, कान पकड़वाकर सड़क पर घुमाया

​रतलाम,12 सितंबर ( News SSR )। दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में छुट्टी पर आए एक भारतीय सेना के जवान के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार दो सगे भाइयों रोहित भूरिया और राहुल भूरिया का उनके ही निवास क्षेत्र ईश्वर नगर में कान पकड़वाकर सार्वजनिक जुलूस निकाला।

​यह पूरी कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) सत्येंद्र घनघोरिया और थाना प्रभारी अनुराग यादव की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ की गई। जुलूस आरोपियों के घर ईश्वर नगर से शुरू होकर धीरजशाह नगर और टाटा नगर होते हुए बाजना बस स्टैंड पर समाप्त हुआ। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

​विवाद सुलझाने गए जवान पर कर दिया था हमला
जानकारी के अनुसार, धीरजशाह नगर निवासी इंडियन आर्मी का जवान एक महीने की छुट्टी पर रतलाम आया हुआ था। 7 सितंबर की देर रात करीब 11:30 बजे घर लौटते समय उसने सड़क पर दो पक्षों के बीच विवाद देखा। जवान के बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उसी पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर, आंख और कान में गंभीर चोटें आई थीं।

​राजनीतिक संरक्षण के आरोपों के बाद हुई सख्त कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने रोहित भूरिया, आमान खान, प्रिंस सिसोदिया और गनी खान के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें जमानत मिल गई थी। आरोपियों के सत्ताधारी दल से जुड़े होने के कारण मामला गरमा गया और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उच्च अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई।

​जनआक्रोश और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहित भूरिया और उसके भाई राहुल भूरिया को दोबारा गिरफ्तार किया और क्षेत्र में अपराधियों के मन में खौफ पैदा करने के लिए यह जुलूस निकाला।

More From Author

नागेश्वर तीर्थ में गूंजा भगवान महावीर के जन्म का जयघोष भव्य रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *