गणेश उत्सव व अनन्त चतुर्दशी पर अखाड़ों और झांकियों के लिए पुराने कंट्रोल रूम में बैठक आयोजित, पुलिस प्रशासन ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

​रतलाम,19 सितंबर( News SSR )। आगामी अनन्त चतुर्दशी एवं गणेश उत्सव के अवसर पर शहर में निकलने वाले अखाड़ों और झांकियों के सुगम, अनुशासित व शांतिपूर्ण संचालन को लेकर पुराने पुलिस कंट्रोल रूम पर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने अखाड़ा व झांकी आयोजकों के साथ आयोजन की तैयारियों और मार्ग व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की।

​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो ने बताया कि 25 सितंबर की शाम को अनन्त चतुर्दशी के अवसर पर निकलने वाले अखाड़ों और झांकियों के संबंध में सभी आयोजकों को बैठक में ब्रीफ किया गया है। बैठक के दौरान आयोजकों से जुलूस के मार्ग, बिजली व्यवस्था, सुरक्षा और मंच लगाने से जुड़ी समस्याओं व आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली गई और उनके समाधान का आश्वासन दिया गया।

​मंचों के लिए अनुमति अनिवार्य
​बैठक में ‘श्री सकल हिन्दू समाज गणेश उत्सव समिति’ की ओर से जुलूस मार्ग में निर्धारित स्थानों पर मंच लगाने की अनुमति के संबंध में भी चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आयोजन के दौरान आम नागरिकों और आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में कोई बाधा न आए, इसके लिए मंचों के मध्य पर्याप्त दूरी (लगभग 500 मीटर) रखी जाए। साथ ही सभी बड़े एवं निर्धारित 20 मंचों के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक अनुमति लेने के संबंध में आयोजकों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

​बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
​पुराने कंट्रोल रूम में आयोजित इस बैठक में मुख्य रूप से राकेश पंद्रो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, ​सत्येंद्र घनघोरिया नगर पुलिस अधीक्षक, ​मुनेंद्र गौतम थाना प्रभारी स्टेशन रोड, ​विक्रम सिंह चौहान थाना प्रभारी माणक चौक, ​अनुराग यादव थाना प्रभारी दीनदयाल नगर ​उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी आयोजकों से शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ गणेश उत्सव का जुलूस संपन्न कराने की अपील की है।

More From Author

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा द्वारा कानवन थाना टीम को कर्नाटक डकैती के आरोपियों को पकड़ने पर नगद इनाम देकर पुरस्कृत किया गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories