20 किमी पैदल मार्च कर कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्र, प्रशासन में मचा हड़कंप

​असुविधाओं से परेशान एकलव्य छात्रावास के बच्चों ने बोला हल्ला; शिक्षकों की कमी और शौचालय में गंदगी को लेकर प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी

​रतलाम, 26 अक्टूबर (News SSR)। शासकीय आवासीय छात्रावास की बदहाल व्यवस्थाओं से आक्रोशित छात्रों का सब्र का बांध सोमवार को टूट गया। सैलाना स्थित शासकीय एकलव्य छात्रावास के बड़ी संख्या में छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 20 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय कर रतलाम कलेक्ट्रेट पहुंचे। कड़क धूप में पैदल चल रहे बच्चों को देखकर प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

​छात्रों के पैदल मार्च की सूचना मिलते ही सैलाना एसडीएम सुनील जायसवाल और बजाना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आए। अधिकारियों ने पूरे रास्ते बच्चों के साथ पैदल चलकर उन्हें रोकने और समझाने का भरसक प्रयास किया। हालांकि, अपनी मांगों पर अड़े आक्रोशित छात्र नहीं माने और प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए सीधे कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे।

​बदहाल शौचालय व्यवस्था, शिक्षकों का अभाव
​कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जब छात्रों को पता चला कि कलेक्टर अवकाश पर हैं, तो वे अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में ही नीचे बैठकर विरोध जताने लगे। स्कूल में कॉमर्स और इकोनॉमिक्स (अर्थशास्त्र) के विषय शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उनका भविष्य खतरे में पड़ गया है। छात्रावास में शौचालयों की स्थिति बद से बदतर है। दर्जनों बच्चों के लिए केवल एक ही शौचालय चालू स्थिति में है, जिससे भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पूरे शौचालय परिसर में गंदगी और भीषण बदबू फैली हुई है, जिससे छात्रों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने छात्रावास की प्रिंसिपल को कई बार इन मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया, लेकिन हर बार उनकी मांगों को अनसुना कर दिया गया। ​फिलहाल, कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी छात्रों को समझा-बुझाकर उचित कार्रवाई और जल्द निराकरण का आश्वासन देने में जुटे हुए हैं।

More From Author

“यशोमती मैया से बोले नंदलाला” “कन्हैया किसको कहेगा तू मैया” भजनों की प्रस्तुति दी।

शरद पूर्णिमा पर 500 कन्याओं ने ग्रहण की भोजन प्रसादी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories