सड़क पर कचरा फेंकने से रोका तो 70 वर्षीय बुजुर्ग से मारपीट, पिता-पुत्र पर केस दर्ज

​महापौर और पार्षद से भी की शिकायत, जिला अस्पताल में भर्ती है पीड़ित

​रतलाम, 13नवंबर ( News SSR ) । शहर के दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत वीआईपी कॉलोनी में सार्वजनिक सड़क पर कचरा और गंदगी फेंकने से मना करने पर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बीते दिन गुरुवार (12 नवंबर) सुबह की है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर डेयरी संचालक पिता-पुत्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
​
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 वीआईपी कॉलोनी (वार्ड क्रमांक 19) निवासी 70 वर्षीय प्रेमचंद पाटनी गुरुवार सुबह अपने घर पर थे। सुबह करीब 9 बजे पड़ोस में स्थित ‘अपूर्वा दूध डेयरी’ के संचालक शुभम की पत्नी उनके घर के पास सार्वजनिक सड़क पर कचरा व जूठन फेंकने आई थी। क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से बुजुर्ग प्रेमचंद पाटनी ने उन्हें सड़क पर कचरा डालने से मना किया और नगर निगम की कचरा गाड़ी में कचरा डालने की समझाइश दी।

​गाली-गलौज कर जमीन पर पटका, दी धमकी
इस बात से नाराज होकर कुछ ही देर बाद डेयरी संचालक शुभम और उसके पिता मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग के साथ अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब बुजुर्ग ने गालियां देने से मना किया, तो दोनों आरोपियों (पिता-पुत्र) ने मिलकर उनके साथ थाप-मुक्कों से मारपीट की और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इस हमले में बुजुर्ग के दाहिने हाथ की कोहनी और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आई हैं। बीच-बचाव करने आई बुजुर्ग की बहू नवीना जैन के सामने आरोपियों ने दोबारा कचरा डालने से रोकने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

​अस्पताल में भर्ती, महापौर से सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पड़ोसी डॉ. पीयूष कुमावत घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज जारी है। दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पीड़ित प्रेमचंद पाटनी ने रतलाम महापौर और वार्ड क्रमांक 19 के पार्षद को भी लिखित आवेदन देकर वरिष्ठ नागरिक से मारपीट करने और सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने वाले डेयरी संचालक पिता-पुत्र के विरुद्ध नगर निगम के नियमों के तहत सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

More From Author

आलोट से सैकड़ों कार्यकर्ता आज शुक्रवार को सैलाना पहुंचकर करेंगे स्व. प्रभुदयाल गेहलोत को नमन, जन्म जयंती एवं दीपावली मिलन समारोह में होंगे शामिल

भोपाल में तीसरे मोर्चे के दलों की महत्वपूर्ण बैठक, बाप पार्टी के विधायक डोडियार हुए शामिल, प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर साझा संघर्ष का ऐलान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories