हरे पेड़ काटकर ईंट भट्टों में जलाने के मामलों में एसडीएम कार्रवाई करें : कलेक्टर कटेसरिया

खनिज टास्क फोर्स समिति की बैठक संपन्न, संयुक्त टीम बनाकर नियमित कार्रवाई के निर्देश

रतलाम 16 नवंबर ( News SSR ) कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने खनिज टास्क फोर्स समिति की बैठक में हरे पेड़ों की अवैध कटाई कर ईंट भट्टों में जलाने के मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि ईंट भट्टों में ईंधन के रूप में उपयोग के लिए हरे पेड़ काटे जा रहे हैं। आलोट क्षेत्र में भी वन विभाग के संज्ञान में इस प्रकार के मामले आए हैं। संबंधित एसडीएम इन मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वन विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जाए और अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने वन विभाग में लकड़ी से जुड़े प्रकरण में लोकायुक्त की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सतर्कता एवं जवाबदेही आवश्यक है।

बैठक में कलेक्टर ने खनिज विभाग को निर्देश दिए कि ईंट भट्टों की अनुमति पोर्टल के माध्यम से प्रदान करने के संबंध में राज्य शासन को पत्र भेजा गया है। इस व्यवस्था से अनुमति प्रक्रिया त्वरित होगी, अभिलेखों का बेहतर संधारण हो सकेगा तथा संबंधित लोगों को भी सुविधा मिलेगी।

बैठक में डीएफओ श्रीमती अनुभा सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री गोविंद काकाणी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

More From Author

रतलाम में जुआरियों पर पुलिस की कार्रवाई: 14 जुआरियों को रस्सी से बांधकर निकाला जुलूस, फिर किया कोर्ट में पेश (देखिए वीडियो)

एमपीआरडीसी के अधिकारी एंबुलेंस में बैठकर सैलाना और ढोढर तक जाएं और ब्रेकर से मरीजों को होने वाले दर्द को महसूस करें : कलेक्टर कटेसरिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories