
केसुर धार26अगस्त ( News SSR ) जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर केसुर नगर में मुस्लिम समाज द्वारा भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन, युवा एवं बच्चे उत्साह और उमंग के साथ शामिल हुए। नात-ए-पाक और धार्मिक नारों के बीच जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। पूरे नगर में पर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल नजर आया।

जुलूस के स्वागत के लिए नगर में जगह-जगह मंच लगाए गए, जहां समाजजनों एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा जुलूस का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया गया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर जुलूस में शामिल लोगों का अभिनंदन किया गया। इस दौरान सदर नवाब हवलदार का भी जगह-जगह गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं इस्तकबाल किया गया।
इस अवसर पर समाजजनों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए अमन, भाईचारे, आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया। जुलूस में शामिल लोगों ने मिल-जुलकर जश्ने ईद मिलादुन्नबी की खुशियां मनाईं। आयोजन के दौरान धार्मिक एवं सामाजिक एकता की भावना भी देखने को मिली।
आयोजन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए। जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।