
रतलाम / नई दिल्ली, 05 सितंबर( News SSR )। ट्रेन संख्या 22633 (कोझिकोड से हजरत निजामुद्दीन) में सफर कर रही एक महिला यात्री का कीमती सामान और नकदी से भरा हैंडबैग रतलाम रेलवे स्टेशन पर चोरी हो गया। पीड़िता राजस्थान सरकार के कार्यालय में कार्यरत स्वीटी एलजा बेनी हैं, जो कोच B-3 की सीट नंबर 23 पर यात्रा कर रही थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, छह दिन पूर्व 28 अगस्त को तड़के लगभग 5:30 बजे जब ट्रेन रतलाम स्टेशन पर कुछ देर के लिए रुकी थी, उसी दौरान सिरहाने (तकिया के नीचे) रखा हैंडबैग अज्ञात चोर उड़ा ले गया।
चोरी हुए सामान में सोना, नकदी और दस्तावेज शामिल
पीड़िता के अनुसार चोरी हुए हैंडबैग में नकदी व आभूषण लगभग ₹2,000,000 मूल्य की सोने की चैन और ₹3,500 नकद भरा वॉलेट, इलेक्ट्रॉनिक्स एक आईफोन 17 और एक रेडमी 10 प्रो मोबाइल फोन, ज़रूरी दस्तावेज पैन कार्ड, डेबिट कार्ड, अन्य पहचान पत्र एवं राजस्थान सरकार से जुड़े महत्वपूर्ण विभागीय कागजात चोरी गए कुल सामान की अनुमानित कीमत लगभग ₹3.75 लाख बताई जा रही है।
निजामुद्दीन में दर्ज हुई FIR, जांच रतलाम स्थानांतरित
ट्रेन के 28 अगस्त को दोपहर 3:20 बजे हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने पर पीड़िता ने जीआरपी थाने में घटना की सूचना दी। जीआरपी निजामुद्दीन द्वारा शून्य पर एफआईआर दर्ज कर मामला आगे की कार्रवाई और सामान की बरामदगी हेतु जीआरपी रतलाम को स्थानांतरित कर दिया गया है। फिलहाल रतलाम जीआरपी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।