
आलोट। ( News SSR )प्रसिद्ध कथावाचक एवं गौ-रक्षक संत श्री पंडित कमलकिशोर नागर को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर प्रधान मंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि संत कमलकिशोरजी नागर गौ-रक्षा, भागवत कथा एवं जनजागरण सहित सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहते हैं। ज्ञापन के अनुसार, आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान एक धमकी भरा पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें संत को गौ-रक्षा एवं जन-जागरण के कार्य बंद करने की धमकी देने का उल्लेख है।आवेदन में इस धमकी को गंभीर एवं चिंताजनक बताते हुए कहा गया है कि इससे संत की सुरक्षा के साथ-साथ उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता उत्पन्न हुई है। शिकायतकर्ताओं ने घटना को केवल एक संत के विरुद्ध धमकी नहीं, बल्कि गौ-भक्तों, ग्रामीणों एवं हिंदू समाज की भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।शिकायत में मांग की गई है कि धमकी भरे पत्र की गंभीरता से जांच कर आरोपी की पहचान की जाए, उसके विरुद्ध आवश्यक दंडात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाए तथा संत कमलकिशोर नागर एवं उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।ज्ञापन देते समय अमित चौधरी मनीष सेठिया सुरेश पोरवाल अनिल भरावा सतीश गुप्ता हुकुम सिंह आंजना प्रणव सेठिया सुनील फरक्या जितेंद्र काला विलास पोरवाल एवं कई समाज जन उपस्थित थे