विद्युत मंडल की बड़ी लापरवाही: 11 KV हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत

​मामा के घर छोटी किलकारी देखने आए नीमच के युवराज की छत पर टहलते वक्त गई जान

​रतलाम,20 सितंबर ( News SSR )। औद्योगिक क्षेत्र थानांतर्गत गांधीनगर इलाके में शनिवार बीती रात विद्युत मंडल की गंभीर लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। नीमच जिले से अपने मामा के घर नवजात शिशु को देखने आए 17 वर्षीय किशोर युवराज सिंह राठौड़ की छत पर 11 KV हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ी सादड़ी (जिला नीमच) निवासी युवराज सिंह पिता शैलेंद्र सिंह राठौड़ (17 वर्ष) अपनी माताजी के साथ गांधीनगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर के सामने, मीरा कुटी रोड पर अपने मामा के घर आया हुआ था। शनिवार रात खाना खाने के बाद युवराज अपने 9 वर्षीय मौसेरे भाई के साथ छत पर टहलने गया था। टहलते समय वह मकान के बिल्कुल पास से गुजर रही 11 KV हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया और करंट लगते ही अचेत होकर गिर पड़ा।

​छोटे बच्चे के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन तुरंत दौड़कर छत पर पहुंचे। परिजन तत्काल युवराज को मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

​सालों से की जा रही थी शिकायतें, अधिकारी देते रहे सिर्फ आश्वासन
​स्थानीय रहवासियों और क्षेत्रीय पार्षद भावना हितेश पेमाल के अनुसार, वार्ड क्रमांक 01 के गांधीनगर (चांदमारी से लेकर मीराकुटी तक) में 11 KV हाई टेंशन लाइन घरों के बिल्कुल करीब से गुजर रही है। इस जानलेवा लाइन को हटाने या सुरक्षित करने के लिए पार्षद भावना हितेश पेमाल और रहवासियों द्वारा बीते कई सालों से विद्युत मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार पत्राचार किया गया व सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायतें दर्ज कराई गईं।

​पूर्व में दी गई शिकायतों में स्पष्ट चेतावनी भी दी गई थी कि यदि भविष्य में कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत मंडल के अधिकारियों की होगी। इसके बावजूद विभाग के जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ आश्वासन ही देते रहे, जिसका नतीजा आज एक मासूम बच्चे की जान देकर चुकाना पड़ा।

​क्षेत्र में फैला रोष, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
​हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों में विद्युत मंडल की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष व्याप्त है। क्षेत्रीय रहवासियों ने लापरवाही बरतने वाले बिजली विभाग के अधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

More From Author

रतलाम में गणेश आरती के दौरान महिला से छेड़छाड़ और मारपीट, पड़ोसी के खिलाफ केस दर्ज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *